September 29, 2026

Bhiwani News: ‘अच्छा हुआ कांग्रेस से पीछा छूटा’, तोशाम में 10 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास कर बोलीं मंत्री श्रुति चौधरी

0
Bhiwani News: 'अच्छा हुआ कांग्रेस से पीछा छूटा', तोशाम में 10 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास कर बोलीं मंत्री श्रुति चौधरी

अच्छा हुआ कांग्रेस से पीछा छूटा', तोशाम में 10 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास कर बोलीं मंत्री श्रुति चौधरी

Bhiwani News: हरियाणा के भिवानी जिले के तोशाम में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने विकास कार्यों की झड़ी लगा दी। तोशाम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन समारोह’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों को लगभग 10 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं और तोशाम बाईपास के निर्माण की सौगात दी। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और बयानों पर तीखे बाण चलाए।

“भगवान का धन्यवाद, जो वहां से पीछा छूटा” — कांग्रेस पर बड़ा सियासी हमला

कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और वोट चोरी के आरोपों पर पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए मंत्री श्रुति चौधरी ने बेबाक अंदाज में कहा, “कांग्रेस का काम ही अब यही रह गया है। जब मैं उनकी अंदरूनी खींचतान को देखती हूं, तो ईश्वर का बार-बार धन्यवाद करती हूं कि प्रभु, अच्छा हुआ जो समय रहते वहां से छिटक कर बाहर निकल आए।”

विपक्ष द्वारा लगातार उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता अब बहकावे की चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि नेता तोशाम के गांव-गांव जाएं और खुद जनता से पूछें कि क्या कोई वोट चोरी हुई है? अगर उन्हें कोई शंका है, तो इसकी शुरुआत तोशाम से ही करें, उन्हें कांग्रेस की जमीनी हकीकत का जवाब खुद-ब-खुद मिल जाएगा।

तोशाम बाईपास का शिलान्यास, गांवों को मिलेंगी आधुनिक सड़कें

तोशाम क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए श्रुति चौधरी ने 10 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तोशाम बाईपास के निर्माण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने गांव रिवासा में खेल ट्रैक, धारण में बीसी चौपाल, निंगाणा में सामुदायिक भवन तथा संडवा, बुडान, छपार राढियान, जोगियान और गारनपुरा की संपर्क सड़कों को चौड़ा करने व उनके जीर्णोद्धार का शिलान्यास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाकी बचे विकास कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

6000 करोड़ से सुधरेगा हरियाणा का नहरी ढांचा, किसाऊ बांध से आएगा पानी

जल संकट के स्थायी समाधान पर बोलते हुए सिंचाई मंत्री ने बताया कि पूरे प्रदेश के नहरी तंत्र को सुदृढ़ करने के लिए विश्व बैंक की मदद से लगभग 6000 करोड़ रुपये का मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिल चुकी है। इस प्रोजेक्ट के तहत नहरों और रजवाहों के लीकेज को बंद कर अंतिम छोर (टेल) तक पानी पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बहुप्रतीक्षित ‘किसाऊ बांध परियोजना’ का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इसके पूरा होने से यमुना नदी में करीब 1300 क्यूसेक अतिरिक्त पानी आएगा, जिससे दक्षिण हरियाणा के किसानों की पानी की किल्लत हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। मुख्यमंत्री खुद इस नहरी सुधार परियोजना की सीधी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें–  गेट पास न बनने से भड़का किसान, मंडी दफ्तर पर ताला जड़ माचिस निकालकर दी आत्मदाह की धमकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed