August 16, 2026

Jeevan Murder Case Hansi: हांसी बवाल के बाद भड़कीं खापें आज कुंडू और पूनिया खाप की आपातकालीन महापंचायत, हिसार में धारा 163 लागू

0
Jeevan Murder Case Hansi: हांसी बवाल के बाद भड़कीं खापें आज कुंडू और पूनिया खाप की आपातकालीन महापंचायत, हिसार में धारा 163 लागू

हांसी बवाल के बाद भड़कीं खापें आज कुंडू और पूनिया खाप की आपातकालीन महापंचायत, हिसार में धारा 163 लागू

Jeevan Murder Case Hansi: हिसार के चर्चित जीवन हत्याकांड की आंच अब पूरे जिले में फैलती जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ध्वजारोहण कार्यक्रम से ठीक पहले हुए भीषण उपद्रव के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। कल हुए बवाल और पुलिस लाठीचार्ज से भड़की कुंडू खाप और पूनिया खाप ने आज एक इमरजेंसी महापंचायत का आह्वान किया है। इस पंचायत में कल की घटना की समीक्षा करने के साथ ही आगे के आंदोलन की नई रणनीति तय की जाएगी।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम से पहले सिसाये पुल पर मचा था गदर

दरअसल, 15 अगस्त की सुबह करीब 6:40 बजे जीवन कुंडू हत्याकांड से नाराज प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर हांसी स्थित नेहरू कॉलेज की ओर बढ़ने लगे थे। सिसाये पुल नाके पर तैनात पुलिस और ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने जब भीड़ को रोकने का प्रयास किया, तो माहौल बिगड़ गया। पुलिस एफआईआर के मुताबिक, उपद्रवियों ने नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की धमकी दी और उग्र होकर पुलिस पर जमकर पथराव शुरू कर दिया।

एसपी विनोद कुमार चोटिल, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

बवाल इतना बढ़ गया कि पथराव में हांसी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार और कई पुलिस जवान घायल हो गए। स्थिति बेकाबू होते देख ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया और भीड़ को डेटा रोड कैंची तक खदेड़ दिया। इसके बाद एसपी विनोद कुमार ने खुद मोर्चा संभालते हुए जवानों का हौसला बढ़ाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया, जिसके बाद ही मुख्यमंत्री का जिला स्तरीय ध्वजारोहण कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

14 किसान नेताओं पर राष्ट्रध्वज के अपमान और जानलेवा हमले का केस

हांसी पुलिस ने इस उपद्रव को बेहद गंभीरता से लिया है। सिटी थाना पुलिस ने 14 नामजद किसान नेताओं और पूर्व सरपंचों सहित 150 से 200 लोगों की उग्र भीड़ के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों पर लाठीचार्ज के अलावा पुलिस पर जानलेवा हमला करने, ट्रैक्टर चढ़ाने के प्रयास और राष्ट्रध्वज के अपमान से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस ने सुरेश कौथ, अनिल बालकिया, रोशनलाल पाबड़ा और नरेंद्र कुंडू समेत कई प्रमुख चेहरों को नामजद कर हिरासत में लिया है।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हिसार शहर में पाबंदियां सख्त

घटना के बाद किसी भी नई हिंसा या विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त महेंद्र पाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 163 के तहत हिसार में कड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं। प्रशासन को आशंका है कि खापों और किसान संगठनों द्वारा टोल प्लाजा बंद करने या फिर से प्रदर्शन की योजना बनाई जा सकती है। यह प्रतिबंध 15 अगस्त की शाम से लागू कर दिए गए हैं और अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।

यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में फिर छाएंगे मानसूनी बादल, सोनीपत-करनाल में जलभराव, जानें आपके जिले में कब होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed