Yamunanagar News: यमुनानगर में नाके पर पुलिस को देख भागा तस्कर, कार में मिलीं 228 बोतल देसी शराब

यमुनानगर में नाके पर पुलिस को देख भागा तस्कर, कार में मिलीं 228 बोतल देसी शराब
Yamunanagar News: यमुनानगर के बुड़िया थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस की चौकसी देखकर एक शराब तस्कर के होश उड़ गए। एंटी नारकोटिक सेल की टीम को सामने देख कार सवार तस्कर ने भागने की कोशिश की, लेकिन निर्माणाधीन सड़क और फटे टायर ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया। इसके बाद आरोपी चालक पुलिस को चकमा देकर अंधेरे में कार छोड़कर पॉपुलर के खेतों की तरफ भाग निकला। पुलिस ने जब लावारिस खड़ी कार की तलाशी ली, तो उसमें से 19 गत्ता पेटियों में रखी 228 बोतल अवैध देसी शराब बरामद हुई।
पुलिस को देखते ही नवाजपुर की तरफ मोड़ी गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक सेल की टीम शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे गांव लाकड़ स्थित इंटरस्टेट नाके पर गश्त और चेकिंग में मुस्तैद थी। इसी दौरान गांव नत्थनपुर की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने जब टॉर्च की रोशनी से चालक को कार रोकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और उसे गांव नवाजपुर वाले रास्ते पर मोड़ दिया।
निर्माणाधीन सड़क पर फंसी कार, पानी भरे खेतों में भागा चालक
पुलिस टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए संदिग्ध कार का पीछा शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी पर जाकर कार एक निर्माणाधीन सड़क पर असंतुलित होकर फंस गई और उसका एक टायर भी फट गया। खुद को घिरता देख चालक आनन-फानन में कार से उतरा और सड़क किनारे बने पॉपुलर के खेतों में कूद गया। पुलिसकर्मियों ने खेतों की ओर दौड़कर उसका पीछा भी किया, लेकिन देर रात का घना अंधेरा और खेतों में पानी भरा होने के कारण आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका और मौके से भागने में कामयाब रहा।
डिग्गी और पिछली सीट से मिली अवैध शराब की पेटियां
इसके बाद पुलिस टीम ने वापस लौटकर स्विफ्ट कार की बारीकी से जांच की। कार की पिछली सीट और डिग्गी को खोलकर देखा गया तो उसमें 19 गत्ता पेटियां ठूंस-ठूंसकर रखी गई थीं। पेटियों को खोलने पर हर पेटी से 12-12 बोतलें देसी शराब की बरामद हुईं। इस तरह कुल 228 बोतल अवैध शराब जब्त की गई।
पुलिस ने मौके पर ही नियमानुसार एक बोतल को जांच सैंपल के तौर पर अलग किया और बाकी शराब को सील कर दिया। बुड़िया थाना पुलिस ने शराब और स्विफ्ट कार को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत केस दर्ज कर लिया है और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
