Smriti Irani: बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री बनीं स्मृति ईरानी, क्या छोड़ेंगी ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’?

बीजेपी की राष्ट्रीय महामंत्री बनीं स्मृति ईरानी, क्या छोड़ेंगी 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2'?
Smriti Irani: राजनीति की बिसात और ग्लैमर की दुनिया, दोनों जगह अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली स्मृति ईरानी एक बार फिर सुर्खियों के केंद्र में हैं। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया है। उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय महामंत्री बनाए जाने के बाद जहां राजनीतिक गलियारों में उनके नए अध्याय की चर्चा है, वहीं एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में भी एक नई बहस छिड़ गई है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या संगठन की इस नई और भारी-भरकम जिम्मेदारी के बाद स्मृति ईरानी छोटे पर्दे के अपने सबसे लोकप्रिय किरदार ‘तुलसी वीरानी’ को अलविदा कह देंगी?
टीआरपी में टॉप पर रहा ‘तुलसी’ का नया अवतार
एकता कपूर के कल्ट सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ के साथ स्मृति ईरानी ने 25 साल बाद टीवी पर अपनी धमाकेदार वापसी की थी। साल 2025 में शुरू हुए इस नए सीजन ने आते ही टीआरपी चार्ट में शीर्ष पर कब्जा जमा लिया और यह साबित कर दिया कि दर्शकों के दिल में ‘तुलसी’ की लोकप्रियता आज भी बरकरार है।
लेकिन अब, जब संगठन का काम उनके कंधों पर आ गया है, तो अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी के प्रति अपने राजनीतिक दायित्वों को प्राथमिकता देते हुए वह शूटिंग से दूरी बना सकती हैं। हालांकि, इन अटकलों पर न तो स्मृति ईरानी की टीम और न ही शो के मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
सितंबर में शो के बंद होने की चर्चा!
इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों की मानें तो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ को शुरुआत में बेहद सीमित एपिसोड्स (Limited Series) के तौर पर ही प्लान किया गया था। लेकिन दर्शकों से मिले बेतहाशा प्यार के बाद मेकर्स ने इसकी कहानी को आगे विस्तार दिया।
खबरें यह भी आ रही हैं कि यह धारावाहिक इस साल सितंबर तक अपनी तार्किक परिणति (Logically Conclude) पर पहुंचकर बंद हो सकता है। ऐसे में अगर यह महज सीमित एपिसोड का शो रहता है, तो हो सकता है कि स्मृति ईरानी अपने हिस्से की शूटिंग पूरी करके ही विदा लें। फिलहाल फैंस को इस पर आधिकारिक मुहर लगने का इंतजार है।
यह भी पढ़ें– Hockey World Cup: आज इंग्लैंड से भिड़ेगी भारतीय टीम, सिरसा के राजिंदर सिंह पर रहेंगी निगाहें
