August 17, 2026

Punjab News: कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के बाद पूर्व सांसद मान के खिलाफ मामला दर्ज, 17 अन्य गिरफ्तार

0
Punjab News: कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के बाद पूर्व सांसद मान के खिलाफ मामला दर्ज, 17 अन्य गिरफ्तार

कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के बाद पूर्व सांसद मान के खिलाफ मामला दर्ज

Punjab News: सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर पंजाब के राज्यपाल के आवास की ओर मार्च करने के कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान के बाद शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष और पूर्व सांसद सिमरनजीत सिंह मान समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि 17 अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए 17 लोगों के खिलाफ जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का उल्लंघन करने, सड़क जाम करने और पुलिस अवरोधक पार करने की कोशिश करने समेत कई आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।

चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि एक सहायक उपनिरीक्षक की शिकायत पर शनिवार को कुल चार प्राथमिकी दर्ज की गईं। एक प्राथमिकी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह मान के बेटे ईमान सिंह मान समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया, उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा लोक सेवक के कानूनी आदेश का पालन नहीं करने से संबंधित है। एक अन्य प्राथमिकी सिमरनजीत सिंह मान और तीन अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज की गई। पुलिस ने दावा किया कि मान ने सिर पर पट्टी बांधकर खुद को घायल व्यक्ति के रूप में पेश किया था।

पुलिस ने कहा कि मान समेत चार लोगों पर बीएनएस की धारा 217 (झूठी जानकारी देना), 223 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना), 353 (1) (बी) (झूठा बयान) और पंजाब सुरक्षा राज्य अधिनियम, 1953 की धारा 9 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कई लोगों के खिलाफ बीएनएस, शस्त्र अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने संबंधी कानून की विभिन्न धाराओं के तहत एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई। चौथी प्राथमिकी बीएनएस और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज की गई, जिसमें नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये प्राथमिकियां शनिवार को हीरा सिंह चौक पर कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शन के बाद दर्ज की गईं। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर जिला मजिस्ट्रेट के आदेशों का उल्लंघन किया और पुलिस के काम में बाधा डाली।

पुलिस के बयान में कहा गया कि प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिस के अवरोधक पार करने की कोशिश की और रास्ता बाधित किया। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है। कौमी इंसाफ मोर्चा ने उन सिख कैदियों की रिहाई की मांग को लेकर मार्च का आह्वान किया था, जो कथित तौर पर अपनी सजा पूरी करने के बावजूद अलग-अलग जेलों में बंद हैं। चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया के आवास की ओर मार्च के दौरान अवरोधक पार करने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले और पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed