Kaithal News: कैथल अस्पताल में चाकुओं से हमला करने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर, 16 घंटे में पुलिस का बड़ा एक्शन

कैथल अस्पताल में चाकुओं से हमला करने वाला बदमाश एनकाउंटर में ढेर
Kaithal News: राजौंद (नरेश पुहाल) कैथल जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बेखौफ बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। सोमवार को नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सामने दो युवकों को चाकुओं से गोदने के सनसनीखेज मामले में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। राजौंद क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में पुलिस की सीआईए-1, एसडीयू और एवीटी की संयुक्त टीम ने जवाबी फायरिंग करते हुए एक मुख्य आरोपी की टांग में गोली मार दी। वारदात के महज 16 घंटे के भीतर हत्थे चढ़े इस बदमाश को इलाज के लिए उसी कैथल नागरिक अस्पताल लाया गया है, जहां उसने खूनी खेल खेला था।
गांव में रंजिश के बाद अस्पताल तक पीछा, फिर इमरजेंसी वार्ड के बाहर बिछा दी लाशें
इस पूरे खूनी ड्रामे की शुरुआत गांव क्योड़क में हुई पुरानी आपसी रंजिश से हुई। पीड़ित अभिषेक (24) और कुलदीप (27) सुबह खेत से घास लेने निकले थे। इसी दौरान रंजिश रखने वाले आरोपियों ने अपनी तेज रफ्तार गाड़ी से उन्हें सीधी टक्कर मार दी। जब घायल हालत में दोनों युवक अपने परिजनों के साथ पहले गांव के सरकारी अस्पताल और फिर वहां से कैथल नागरिक अस्पताल पहुंचे, तो हमलावर भी उनका पीछा करते हुए अस्पताल परिसर में दाखिल हो गए।
नागरिक अस्पताल के प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (PMO) डॉ. दिनेश कंसल के अनुसार, आरोपी गाड़ियों में सवार होकर आए और बिना किसी खौफ के इमरजेंसी वार्ड के सामने ही दोनों युवकों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। एक के बाद एक कई वार किए जाने से दोनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। घायलों की बेहद नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल एक निजी अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
6 टीमों का गठन, 16 घंटे में मुठभेड़ और एक नामजद आरोपी ढेर
अस्पताल के भीतर हुई इस वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने घायल अभिषेक के बयानों पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया। केस में गांव क्योड़क निवासी गोविंद और गांव ग्योंग निवासी गोकन को नामजद किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैथल के एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सीआईए और सिविल लाइन पुलिस की 6 अलग-अलग टीमों का गठन कर पूरे जिले में नाकेबंदी कराई। राजौंद के पास जब सीआईए-1, एसडीयू और एवीटी की टीमों ने संदिग्धों को घेरा, तो बदमाशों ने भागने की कोशिश की। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली एक आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने स्पष्ट किया कि मुख्य हमलावरों में से एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी और आपराधिक तत्वों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें– कुरुक्षेत्र से गुरुग्राम तक बदलेगा मौसम, हरियाणा के 12 जिलों में तेज हवाओं संग बारिश के आसार
