एसडीएम ने दनचोली में मतदाता सूची पुनरीक्षण का किया औचक निरीक्षण, दावों व आपत्तियों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण करने के दिए निर्देश

Narnaul News: मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम उदय सिंह ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय दनचोली स्थित मतदान केंद्र का औचक निरीक्षण किया और निर्वाचन संबंधी विभिन्न कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम उदय सिंह ने नए मतदाता पंजीकरण (फॉर्म-6), नाम कटवाने (फॉर्म-7) तथा संशोधन (फॉर्म-8) से जुड़े प्राप्त दावों और आपत्तियों की फाइलों का गहनता से अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने मौके पर नोटिस वितरण प्रक्रिया का जायजा भी लिया।
एसडीएम ने बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी नागरिक का दावा या आपत्ति बिना कारण लंबित न रहे। सभी प्रकरणों का निस्तारण पूरी निष्पक्षता, पारदर्शी तरीके से और नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर भौतिक सत्यापन करें ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके अलावा, निर्वाचन संबंधी नोटिसों का समयबद्ध वितरण सुनिश्चित किया जाए ताकि संबंधित नागरिकों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिल सके।
एसडीएम उदय सिंह ने स्पष्ट किया कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। इसलिए मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर एईआरओ गौरव भी मौजूद थे।
