Karnal Accident: करनाल में भीषण हादसा, रिफाइनरी से घर लौट रहे कर्मचारी को ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत

करनाल में भीषण हादसा, रिफाइनरी से घर लौट रहे कर्मचारी को ट्रक ने कुचला, दर्दनाक मौत
Karnal Accident: कर्तव्य निभाकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां बुधवार की रात सड़क पर अचानक थम गईं। पानीपत रिफाइनरी में कार्यरत 38 वर्षीय रूप सिंह जब रात को अपनी बाइक से गांव की तरफ जा रहे थे, तभी करनाल जिले के मुनक क्षेत्र में सैयद चौक के पास सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि रूप सिंह को संभलने का एक मौका तक नहीं मिला और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक छोड़कर फरार हुआ चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रिफाइनरी की तरफ से आ रहे ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। लोगों को एकत्र होते देख चालक पुलिसिया कार्रवाई के डर से ट्रक को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
सड़क पर लगी वाहनों की कतार, पुलिस ने खुलवाया जाम
व्यस्त मार्ग पर हुए इस हादसे के कारण देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस कर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर आवाजाही सामान्य की और शव को कब्जे में लेकर मोर्च्युरी हाउस भिजवाया।
जेब में मिले कागजातों से हुई शिनाख्त
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन जेब में रखे पहचान पत्रों और दस्तावेजों की जांच के बाद उनकी पहचान गवालड़ा (पानीपत) निवासी रूप सिंह (पुत्र रामफल) के रूप में हुई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। घरौंडा थाना के PSI रवि ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है और फरार चालक को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह भी पढ़ें– नूंह में ACB का बड़ा एक्शन, पोक्सो केस में अनुकूल रिपोर्ट देने के नाम पर 2.5 लाख रिश्वत लेते डॉक्टर गिरफ्तार
