September 9, 2026

Gurugram News: गुड़गांव में सनसनीखेज वारदात, साढ़े 6 लाख के विवाद में पीजी संचालक की पत्नी-बच्चे के सामने गोली मारकर हत्या

0
Gurugram News: गुड़गांव में सनसनीखेज वारदात, साढ़े 6 लाख के विवाद में पीजी संचालक की पत्नी-बच्चे के सामने गोली मारकर हत्या

गुड़गांव में सनसनीखेज वारदात, साढ़े 6 लाख के विवाद में पीजी संचालक की पत्नी-बच्चे के सामने गोली मारकर हत्या

Gurugram News: गुड़गांव के पॉश माने जाने वाले आचार्य पुरी इलाके में मंगलवार देर शाम उधारी के पैसों का हिसाब-किताब खूनी संघर्ष में बदल गया। फौज से रिटायर होकर फाइनेंस का काम करने वाले भिवानी निवासी अमरजीत नामक व्यक्ति ने पीजी संचालक हेमंत कौशिक के घर पहुंचकर उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। सबसे ज्यादा खौफनाक बात यह रही कि पूरी वारदात हेमंत की पत्नी और उनके छोटे बच्चे के सामने अंजाम दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से वह ज्यादा देर तक छुप नहीं सका।

8 साल पुरानी जान पहचान, कॉमन फ्रेंड के जरिए दिए थे साढ़े 6 लाख रुपये

मामले की जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने पत्रकारवार्ता में बताया कि पकड़ा गया आरोपी अमरजीत करीब एक साल पहले ही भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुआ था। रिटायरमेंट के बाद उसने फाइनेंस का काम शुरू किया था। अमरजीत और मृतक हेमंत कौशिक के बीच करीब 8 साल पुरानी जान-पहचान थी। एक साझा दोस्त (कॉमन फ्रेंड) के जरिए अमरजीत ने हेमंत को करीब साढ़े 6 लाख रुपये उधार दिए थे। लंबे समय से वह अपने पैसों की मांग कर रहा था, लेकिन हिसाब चुकता नहीं हो पा रहा था। मंगलवार शाम को अमरजीत बस पकड़कर खास तौर पर गुड़गांव इसी रकम का हिसाब करने आया था।

पत्नी और बच्चे के सामने माथे पर सटाकर मारी गोली

पुलिस जांच के अनुसार, अमरजीत मंगलवार शाम हेमंत के आचार्य पुरी स्थित घर पहुंचा। उस समय कमरे में हेमंत की पत्नी और उनका बेटा भी मौजूद थे। दोनों के बीच करीब एक घंटे तक पैसों को लेकर बातचीत चलती रही, जो धीरे-धीरे उग्र बहस में बदल गई।

कहासुनी इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर अमरजीत ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और हेमंत के माथे पर सटाकर फायर कर दिया। हेमंत वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़े। पति को इस हाल में देख पत्नी के होश उड़ गए और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। परिजन तुरंत हेमंत को लेकर पास के अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

6 घंटे के भीतर दिल्ली से गिरफ्तार, कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस

हत्या की खबर मिलते ही सेक्टर-14 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने महज 6 घंटे के भीतर आरोपी अमरजीत को दिल्ली से दबोच लिया। एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जाएगी, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार (लाइसेंसी पिस्टल) को बरामद किया जा सके।

यह भी पढ़ें– Rohtak News: रोहतक में डेंगू की दस्तक, सितंबर के 8 दिन में आए 8 मरीज, सेक्टर-3 और 14 तक फैला संक्रमण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed