Mahendragarh : खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम- विधायक कंवर सिंह यादव

रिबन काटकर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते विधायक कंवर सिंह यादव ।
Mahendragarh : गांव डालनवास में बाबा सांवत नाथ खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा रिबन काटकर खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान खिलाड़ियों एवं ग्रामीणों ने विधायक का फूल मालाओं ओर पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा शारीरिक एवं मानसिक मजबूती का विकास होता है। खेल न केवल व्यक्ति को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि युवाओं में आपसी भाईचारे, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की पहचान खेलों के क्षेत्र में देश और दुनिया में लगातार मजबूत हो रही है। प्रदेश की मिट्टी ने अनेक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी देश को दिए हैं। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपनी प्रतिभा के दम पर गांव, क्षेत्र, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए विधायक ने कहा कि हरियाणा प्रदेश दूध-दही के खाने और मजबूत युवाओं की धरती रहा है। आज हमारे प्रदेश के युवा विभिन्न खेलों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे जैसी बुराइयों से स्वयं को दूर रखें और अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा तथा रचनात्मक कार्यों में लगाएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव रखते हैं।
विधायक कंवर सिंह यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 के विकसित भारत विजन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
आज का युवा शिक्षा, खेल, तकनीक, रोजगार और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश के विकास में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
विधायक ने खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए आयोजकों एवं ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

ग्राम पंचायत डालनवास की ओर से विधायक कंवर सिंह यादव को विकास कार्यों से संबंधित मांग पत्र भी सौंपा गया। विधायक ने ग्रामीणों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक कंवर सिंह यादव ने ग्रामीणों को 17 सितंबर को महेंद्रगढ़ खेल ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण दिया।
इस मौके पर ओमवीर सरपंच प्रतिनिधि डालनवास, राज कपूर लांबा,कैप्टन प्रवीण सिंह,दशरथ साहब,राजेंद्र लांबा,कैप्टन ज्ञानी राम, उमेद मास्टर,सूबेदार प्रवीण, धर्मेंद्र मलिक, करतार सिंह बारडा प्रतिनिधि पंचायत समिति सतनाली आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी देखें – विधायक कंवर सिंह यादव ने गांव डालनवास में 33 केवी पावर हाउस का किया शिलान्यास
