Mahendragarh : महेंद्रगढ़ में विश्वकर्मा जयंती समारोह की तैयारी, पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कार्यकर्ताओं को दिया न्योता

भाजपा सम्मेलन को संबोधित करते पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ।
Mahendragarh : हरियाणा के महेंद्रगढ़ में 17 सितंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को जयराम सदन में एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में राज्यसभा के पूर्व सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की और कार्यकर्ताओं को समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा किसी एक जाति के नहीं, बल्कि समस्त मानव समाज के आराध्य हैं। उन्होंने सभी जातियों और धर्मों के उत्थान के लिए कार्य किया, यही कारण है कि पूरी दुनिया में उन्हें श्रद्धा के साथ देखा जाता है।
उन्होंने प्राचीन काल का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के शिल्पकारों द्वारा निर्मित वस्तुएं विदेशों में भेजी जाती थीं, जिसके चलते भारत को ‘सोने की चिड़िया’ कहा जाता था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज देश एक बार फिर वैश्विक स्तर पर आर्थिक और औद्योगिक शक्ति के रूप में उभर रहा है।

पीएम मोदी का जन्मदिन और सीएम का कार्यक्रम
पूर्व सांसद ने जानकारी दी कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा महेंद्रगढ़ में आयोजित किए जा रहे इस राज्य स्तरीय विश्वकर्मा जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. रामबिलास शर्मा के साथ अपने करीब 50 साल पुराने राजनीतिक संबंधों का भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि रामबिलास शर्मा ने अपने राजनीतिक सफर में कड़ा संघर्ष किया है। अस्वस्थता के कारण वे व्यक्तिगत रूप से कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके, लेकिन पंचकूला से ऑनलाइन माध्यम से कार्यकर्ताओं के साथ जुड़े।
ऑनलाइन जुड़े प्रो. रामबिलास शर्मा
पंचकूला से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का महेंद्रगढ़ जिले से विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर के इस भव्य आयोजन को सफल बनाना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
भाजपा जिला अध्यक्ष यतेंद्र राव ने भी सभी को साथ लेकर चलने की मुख्यमंत्री की कार्यशैली की सराहना करते हुए समारोह में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की।
इस अवसर पर को-ऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन राजेंद्र शर्मा, ब्लॉक समिति चेयरमैन विजयलक्ष्मी खोश्या, पूर्व चेयरमैन मोनिका, देवेंद्र यादव, पवन खैरवाल, मास्टर राय सिंह जड़वा, अजीत कलवाड़ी, मंडल अध्यक्ष दीपिका, पार्षद राजेश सैनी, अमित मिश्रा, नवीन शर्मा और मनोज शर्मा बेरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी देखें- 37 दिन की लंबी हड़ताल समाप्त, सरकार और सफाई कर्मचारियों के बीच बनी सहमति
