Sonipat News: सोनीपत में 6 साल की बच्ची का गड्ढे में मिला शव, परिजनों ने जताया दुष्कर्म का शक
सोनीपत में 6 साल की बच्ची का गड्ढे में मिला शव, परिजनों ने जताया दुष्कर्म का शक
Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। मोहाना थाना क्षेत्र स्थित एक निर्माणाधीन फैक्ट्री के पास खेत में भरे पानी के गड्ढे से 6 साल की मासूम बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची का परिवार मूल रूप से मध्य प्रदेश का रहने वाला है और पिछले दो सालों से सोनीपत के अलग-अलग कंस्ट्रक्शन साइट्स पर मजदूरी कर गुजर-बसर कर रहा था। बुधवार देर रात अचानक बच्ची अपनी झुग्गी से गायब हो गई थी, जिसके बाद परिजनों और पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी।
परिजनों ने लगाया दुष्कर्म और हत्या का आरोप, एक हिरासत में
तलाश के दौरान गुरुवार तड़के कंस्ट्रक्शन साइट से करीब 500 से 700 मीटर दूर खेत के गड्ढे में बच्ची का शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि बच्ची के हाथ-पैर लोहे के वायर से बंधे हुए थे और उसका मुंह पानी में डूबा हुआ था। परिवार ने साइट पर ही काम करने वाले एक युवक पर नशे की हालत में बच्ची को उठाकर ले जाने, उसके साथ गलत काम करने और फिर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के शक के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करनाल के बरसत गांव निवासी सुमित नाम के युवक को हिरासत में ले लिया है, जो तीन दिन पहले ही वहां काम पर आया था।
शुरुआती जांच में रेप की पुष्टि नहीं, पुलिस ने दर्ज किया मर्डर केस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसीपी देवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। एसीपी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, पुलिस अधिकारी का कहना है कि शुरुआती डॉक्टरी मुआयने में यौन उत्पीड़न या दुष्कर्म जैसी बात सामने नहीं आई है। प्रथम दृष्टया बच्ची की मौत पानी में डूबने के कारण प्रतीत हो रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत की असली वजह का राज
पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। एसीपी देवेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा किए जाने वाले पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और बच्ची के साथ हुई हैवानियत के दावों की सच्चाई सामने आ सकेगी। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपी सुमित से गहनता से पूछताछ की जा रही है और फॉरेंसिक टीमें भी मौके से सबूत जुटाने में लगी हैं।
यह भी पढ़ें–Rohtak News: रोहतक में खाकी के सामने गुंडागर्दी, नेकीराम कॉलेज के बाहर लाठी-डंडे चले, तमाशा देखती रही पीसीआर
