Yamunanagar News: यमुनानगर पुलिस का एक्शन, 10 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर अरेस्ट, संपत्ति भी होगी जब्त
यमुनानगर पुलिस का एक्शन, 10 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर अरेस्ट
Yamunanagar News: यमुनानगर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी बरग्लरी स्टाफ कम एंटी नारकोटिक्स सेल-2 की टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गुलाब नगर कैंप में योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर एक कुख्यात तस्कर को 264 ग्राम हेरोइन (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद नशे की खेप की कीमत बाजार में करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है। पकड़ा गया आरोपी इलाके में ‘खुजली’ के नाम से कुख्यात है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
जमानत पर आते ही फिर सजा ली नशे की दुकान
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल-2 के इंचार्ज रमन चंदेल की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गुलाब नगर कैंप निवासी अर्जुन उर्फ खुजली भारी मात्रा में स्मैक लेकर किसी ग्राहक की फिराक में घूम रहा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए बताए गए ठिकाने पर दबिश दी और संदिग्ध युवक को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। जब नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 264 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
रिमांड पर आरोपी, सप्लायरों की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अर्जुन के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब तीन मामले दर्ज हैं, जो अदालत में विचाराधीन हैं। वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था, लेकिन अपनी आदतों से बाज न आते हुए उसने दोबारा नशीले पदार्थों की तस्करी शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर ले लिया है। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि वह इतनी बड़ी खेप कहां से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था।
ड्रग मनी से बनी अवैध संपत्ति पर चलेगा कानून का चाबुक
डीएसपी रजत गुलिया ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस अब केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उनकी वित्तीय कमर भी तोड़ेगी। आरोपी अर्जुन द्वारा नशे के काले कारोबार से बनाई गई चल-अचल संपत्ति का ब्योरा जुटाया जा रहा है। यदि जांच में यह सिद्ध होता है कि कोई संपत्ति ड्रग मनी से अर्जित की गई है, तो उसे नियमानुसार जब्त या ध्वस्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पुलिस प्रशासन के इस कड़े रुख से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें– अंबाला में मुख्यमंत्री सैनी और मंत्री अनिल विज की मुलाकात, जनसेवा पर हुई चर्चा
