राधाष्टमी पर मणिमहेश में शाही स्नान आज: अब तक एक लाख श्रद्धालु पहुंच चुके, 26 घंटे 26 मिनट रहेगा मुहूर्त
राधाष्टमी पर मणिमहेश में शाही स्नान आज
Manimahesh Shahi Snan: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर स्थित प्रसिद्ध मणिमहेश धाम में राधाष्टमी पर आज बड़ा शाही स्नान होगा। दोपहर 1:02 बजे त्रिलोचन महादेव के वंशज शिव चेले पवित्र डल झील को तोड़कर शाही स्नान की शुरुआत करेंगे। इसके बाद देशभर से पहुंचे श्रद्धालु विधिवत स्नान कर सकेंगे। शाही स्नान का मुहूर्त शनिवार दोपहर 2:28 बजे तक रहेगा। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली समेत उत्तर भारत के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु मणिमहेश पहुंच रहे हैं। राधाष्टमी के इस स्नान के साथ इस साल की मणिमहेश यात्रा संपन्न हो जाएगी।
पुरानी धार्मिक परंपरा के मुताबिक भरमौर के संचुई से आए त्रिलोचन महादेव के वंशज शिव चेले सबसे पहले डल झील में शाही स्नान की रस्म शुरू करेंगे। उनके डल झील तोड़ने के बाद श्रद्धालु पवित्र झील में स्नान कर सकेंगे। शिव चेले की रस्म पूरी होने के बाद कई छड़ियां भी डल झील तक पहुंचेंगी और शाही स्नान करेंगी। राधाष्टमी पर होने वाले इस स्नान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
राधाष्टमी के शाही स्नान का शुभ मुहूर्त शुक्रवार दोपहर 1:02 बजे से शनिवार दोपहर 2:28 बजे तक रहेगा। यानी श्रद्धालुओं को कुल 26 घंटे 26 मिनट का समय मिलेगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राधाष्टमी पर मणिमहेश की डल झील में स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भी यहां पवित्र स्नान की परंपरा रही है।
तीन इंच बर्फबारी के बाद मणिमहेश में कड़ाके की ठंड
मणिमहेश क्षेत्र में गुरुवार को करीब तीन इंच बर्फबारी हुई। इसके बाद रात का तापमान माइनस में चला गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्र में मौसम की इस स्थिति के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। इस बार श्रद्धालुओं को बर्फ और कड़ाके की ठंड के बीच डल झील में स्नान करना पड़ेगा। हालांकि शुक्रवार को मौसम साफ हो गया है। इससे दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी की उम्मीद है।
सूचना के अनुसार 25 अगस्त से शुरू हुई मणिमहेश यात्रा के दौरान अब तक करीब एक लाख शिव भक्त पवित्र डल झील में स्नान कर चुके हैं। राधाष्टमी के शाही स्नान के साथ यात्रा का समापन होगा। इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले साल की तुलना में कम बताई जा रही है। वर्ष 2025 में भरमौर और मणिमहेश के बीच बादल फटने के बाद हुई भारी बारिश के कारण 25 हजार से ज्यादा श्रद्धालु फंस गए थे। इसके बाद इस साल यात्रा के लिए भरमौर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी देखी गई है।

1 thought on “राधाष्टमी पर मणिमहेश में शाही स्नान आज: अब तक एक लाख श्रद्धालु पहुंच चुके, 26 घंटे 26 मिनट रहेगा मुहूर्त”