Narnaul: सड़क निर्माण का शुभारंभ करने नहीं आए विधायक और नप चेयरपर्सन, लोगों ने नारियल फोड़कर करवाया काम शुरू
Narnaul:
धर्म नारायण शर्मा।
जगमार्ग न्यूज। नारनौल
विधायक और नगर परिषद चेयरपर्सन का चुनाव कौन करता है? जवाब मिलेगा जनता। और जब चेयरपर्सन और विधायक राजनीति का खेल खेल जाएं तो आमजन भी उन्हें आईना दिखाने से भी पीछे नहीं रहता।
कुछ ऐसा ही वाक्या शनिवार को नारनौल शहर के मोहल्ला जमालपुर और नई सराय के बीच बनने वाली सड़क के निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर देखने को मिला। जहां समय देने के बावजूद विधायक और चेयरपर्सन नहीं पहुंचे तो मोहल्लावासियों ने उन्हें दरकिनार करते हुए पूजन के लिए लाया गया नारियल खुद फोड़कर सड़क निर्माण का काम शुरू करवा दिया।
बता दें कि नारनौल शहर के जमालपुर से नई सराय के बीच बनने वाली सड़क का शनिवार शुभारंभ होना था। इस कार्य के लिए विधायक ओमप्रकाश यादव व नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी को आमंत्रित किया गया था। दोनों ने पहले कार्यक्रम में आने पर सहमति जताई भी थी। बाद में उससे दूरी बना ली।
शनिवार सुबह निर्धारित समय पर जब दोनों ही नहीं पहुंचे तो काफी देर इंतजार देखने के बाद मौहल्लावासियों ने सेन चौक नामक स्थान पर इस सड़क का उद्घाटन करके निर्माण कार्य प्रारंभ करवाया गया। रिटायर सूबेदार हरिराम चौधरी, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के पूर्व अधिकारी दुलीचंद शर्मा, सैनी सभा के पूर्व प्रधान बिशन सैनी समेत अनेक लोगों ने इसमें सहयोग दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक सांसद कोटे से बनने वाली करीब 55 लाख लागत वाली इस सड़क को बनवाने के लिए काफी समय से मांग की जा रही थी। यह सड़क तीन मोहल्ले को जोड़ती है और पिछले कई वर्षों से बदहाल स्थिति में है। हालांकि बीच में इसे रिपेयर भी किया गया था, किंतु सेन चौक के आसपास जल भराव होने के कारण यहां से छलक नाला तक पाइपलाइन डालने के बाद से यह सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में थी। इसके लिए सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह ने अपने कोटे से करीब 55 लाख रुपए की राशि मंजूर की थी।

दूसरी तरफ या चर्चा भी है कि नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी और नारनौल के एमएलए ओमप्रकाश के बीच आपसी राजनीति के चलते समय देने के बाद भी सड़क के निर्माण कार्य में दोनों नहीं पहुंचे। जानकारी के मुताबिक पार्षद काशीराम सैनी के नेतृत्व में मोहल्ले के कुछ लोगों ने विधायक ओमप्रकाश यादव के पास जाकर निर्माण कार्य के शुरू किए जाने का समय मांगा था। उन्होंने इसके लिए शनिवार सुबह 10 बजे आने को वक्त भी दिया था। उसके बाद पार्षद कमलेश सैनी चेयरपर्सन के पास भी गए। उनसे भी टाइम मिल गया।
बताया जाता है कि इसके बाद मोहल्ले की राजनीति निकल पड़ी। दरअसल मौजूदा पार्षद काशीराम हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी रविंद्र सिंह मटरू के लिए चुनाव प्रचार में सक्रिय थे। इसी मोहल्ले का दूसरा धड़ा ओमप्रकाश यादव के साथ था। बाद में जब नगर परिषद के चेयरपर्सन का चुनाव हुआ तो काशीराम सैनी मौजूदा चेयरपर्सन कमलेश सैनी के साथ जुड़ गए, जबकि ओमप्रकाश यादव समर्थक भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी संगीता यादव के साथ थे। मोहल्ले की यही राजनीति शनिवार को सेन चौक पर सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर आड़े आ गए। जिसके चलते विधायक के पीए ने सुबह संदेश दिया कि अचानक विधायक को रेवाड़ी और गुड़गांव जरूरी काम से जाना पड़ रहा है। वह शाम 4 बजे तक वापस आएंगे। तभी उद्घाटन कार्य शुरू होगा। तो दूसरी तरफ चेयर पर्सन ने भी सुबह 10 बजे पहुंचने की बजाय विधायक के साथ ही आने की बात कहकर मना कर दिया। ऐसे में मोहल्ले के एक धड़े ने अपने स्तर पर निर्माण कार्य का नारियल छोड़कर उद्घाटन कर दिया।
