Faridabad Pitbull Attack: फरीदाबाद में पिटबुल ने 7वीं के छात्र पर किया हमला, शरीर पर 16 जगह काटा
फरीदाबाद में पिटबुल ने 7वीं के छात्र पर किया हमला, शरीर पर 16 जगह काटा
Faridabad Pitbull Attack: हरियाणा के फरीदाबाद जिले में खूंखार नस्ल के कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एनआईटी-3 इलाके में शनिवार शाम एक पिटबुल कुत्ते ने 7वीं कक्षा के मासूम छात्र पर हमला बोल दिया। कुत्ते ने बच्चे को इस कदर अपना शिकार बनाया कि उसके शरीर पर 16 जगह गहरे दांत गड़ा दिए। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर मौके पर जमा हुए पड़ोसियों ने बमुश्किल डंडे मारकर पिटबुल के चंगुल से उसे छुड़ाया। गंभीर रूप से जख्मी बच्चे को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
घर के बाहर दोस्त से बात कर रहा था ग्रन्थ, तभी अचानक झपटा पिटबुल
एनआईटी-3 के बी-ब्लॉक निवासी जितेंद्र (जो बीके चौक पर बिरयानी की रेहड़ी लगाते हैं) ने घटना की आपबीती बताते हुए कहा कि शनिवार शाम उनका 12 वर्षीय बेटा ग्रन्थ अपनी साइकिल लेकर गली में निकला था। घर से कुछ ही दूरी पर वह एक पड़ोसी के मकान के सामने खड़े होकर अपने दोस्त से बात कर रहा था। इसी दौरान मकान मालिक ओम का खूंखार पिटबुल कुत्ता अचानक घर से बाहर निकला और सीधे ग्रन्थ पर झपट पड़ा।
16 जगह काटा, पिता का आरोप— मालिक ने बचाने की नहीं की कोशिश
जितेंद्र का गंभीर आरोप है कि जब पिटबुल उनके बेटे को नोच रहा था, तब कुत्ते का मालिक मूकदर्शक बना रहा और उसने बच्चे को छुड़ाने की कोई कोशिश नहीं की। जब मासूम के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हुए, तब जाकर भीड़ ने किसी तरह कुत्ते को हटाया। हमले में ग्रन्थ के हाथों, पैरों और कमर पर 16 जगह गहरे घाव आए हैं।
बीके अस्पताल से किया रेफर, पुलिस जांच में जुटी
घटना के तुरंत बाद परिजन लहुलूहान हालत में ग्रन्थ को लेकर बीके (बादशाह खान) नागरिक अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए और फिलहाल घर पर ही उसका इलाज व पट्टियां कराई जा रही हैं। जितेंद्र ने इस मामले की शिकायत एनआईटी-3 पुलिस चौकी में दी है। चौकी प्रभारी मनोज का कहना है कि पीड़ित परिवार की शिकायत मिल गई है और मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा से मानसून की विदाई शुरू, जानें कब से पड़ेगी गुलाबी ठंड
