Tarn Taran police encounter : तरनतारन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित आरोपी घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
तरनतारन में पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित आरोपी घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
Tarn Taran police encounter : पंजाब के तरनतारन जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। फिरोजपुर रेंज के डीआईजी और एसएसपी तरनतारन के दिशा-निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और एजीटीएफ की संयुक्त टीम ने एक वांछित आरोपी को धर दबोचा।
हालांकि, गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ में आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
पुलिस पार्टी पर की थी फायरिंग
पट्टी इलाके के गांव बाठ के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस को एक गुप्त सूचना के आधार पर वांछित अपराधियों की घेराबंदी करनी पड़ी। पुलिस के हत्थे चढ़ा कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी पुत्र मंगल सिंह (निवासी मुरादपुर) कोई आम अपराधी नहीं था, बल्कि वह करीब चार से पांच गंभीर आपराधिक मामलों में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
पुलिस टीम जब उसे और उसके साथी गुरसेवक सिंह पुत्र जसपाल सिंह (निवासी नारंगाबाद) को पकड़ने आगे बढ़ी, तो खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें दोनों बदमाश गोलियों की चपेट में आ गए।
अस्पताल में एक की मौत, दूसरा इलाजरत
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, ताकि समय पर इलाज मिल सके। लेकिन गंभीर रूप से जख्मी हो चुके कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वहीं, उसका साथी गुरसेवक सिंह अभी भी अस्पताल के बिस्तर पर है और डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से छानबीन के बाद दो अत्याधुनिक पिस्तौल बरामद किए हैं, जिनमें एक .30 बोर की पिस्तौल और एक खतरनाक जिगाना पिस्तौल शामिल है।
पुराना आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मारा गया आरोपी कश्मीर सिंह बेहद शातिर था और उसने अतीत में भी पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग की थी। पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड को खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके तार किन-किन अन्य वारदातों या गैंग्स से जुड़े हुए थे।
इस संबंध में स्थानीय थाने में नया मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है। तरनतारन पुलिस ने साफ कर दिया है कि राज्य में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों और अवैध हथियारों के सौदागरों के खिलाफ सख्ती का यह दौर आगे भी पूरी मुस्तैदी से जारी रहेगा।
