Body shaming Trolling: ‘बस हो गया भाई…’: सलमान खान के ‘नो ट्रोलिंग’ रुख के समर्थन में आई दिल्ली पुलिस, शेयर किया स्पेशल पोस्ट
सलमान खान के 'नो ट्रोलिंग' रुख के समर्थन में आई दिल्ली पुलिस, शेयर किया स्पेशल पोस्ट
Body shaming Trolling: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ (Bigg Boss 20) के वीकेंड का वार में सलमान खान (Salman Khan) द्वारा साइबर बुलिंग और ट्रोल्स (anti trolling) के खिलाफ उठाई गई आवाज अब सोशल मीडिया पर एक बड़ा आंदोलन बन चुकी है। शो के दौरान सलमान का आक्रामक तेवर और ट्रोलर्स को दी गई खुली चुनौती खूब चर्चा में है। बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के तमाम बड़े नामों के बाद अब देश की राजधानी की पुलिस यानी दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने भी इस मुद्दे पर कड़ा संज्ञान लिया है। दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर एक बेहद प्रभावी पोस्ट (Delhi Police X post) शेयर किया है, जिसे सीधे तौर पर सलमान खान के इस कदम के समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।
साइबर उत्पीड़न पर दिल्ली पुलिस का करारा प्रहार
दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) खाते पर एक पोस्टर जारी करते हुए ऑनलाइन अभद्रता करने वालों को सख्त हिदायत दी है। पोस्टर पर लिखा गया— “ट्रोलिंग सिर्फ एक कमेंट नहीं है। यह उत्पीड़न का रूप ले सकती है और इसका असर लंबे समय तक रह सकता है। सोचें, लिखें और सम्मान करें। बस हो गया, भाई…” इसके साथ ही कैप्शन में पुलिस ने लिखा कि ऑनलाइन माध्यम हो या ऑफलाइन, हर जगह एक-दूसरे का सम्मान अनिवार्य है और किसी भी कमेंट को मर्यादा की सीमा लांघने की इजाजत नहीं दी जा सकती। दिल्ली पुलिस की यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और यूजर्स इसकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
अपनों की बॉडी शेमिंग और गलत एंगल वीडियो पर फूटा था सलमान का गुस्सा
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से सोशल मीडिया पर सितारों को बिना वजह निशाना बनाने का चलन तेजी से बढ़ा है। हाल ही में सोहेल खान को उनके लुक को लेकर काफी ट्रोल किया गया था, तो वहीं अंबानी परिवार के गणपति उत्सव में पहुंचीं कटरीना कैफ को उनके पोस्टपार्टम (Katrina Kaif postpartum) लुक और बढ़े हुए वजन के लिए भद्दे तंज झेलने पड़े थे। हद तो तब हो गई जब सलमान की भांजी अलीजेह अग्निहोत्री का एक वीडियो कैमरामैन द्वारा बेहद गलत एंगल से रिकॉर्ड कर वायरल कर दिया गया। खुद सलमान भी समय-समय पर अपने बढ़ते वजन और लुक को लेकर ट्रोल होते रहे हैं। इन तमाम घटनाओं से आहत सलमान ने बिग बॉस के मंच पर टी-शर्ट उतारकर ट्रोलर्स को सीधी चुनौती दे डाली थी।
बॉलीवुड से लेकर टीवी गलियारे तक सलमान के रुख की सराहना
सलमान खान के इस बेबाक और कड़े रवैये का पूरी एंटरटेनमेंट (Entertainment) इंडस्ट्री ने खुलकर स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री और पूर्व अभिनेत्री स्मृति ईरानी, कश्मीरा शाह, धीरज धूपर, कुशाल टंडन और काम्या पंजाबी समेत दर्जनों हस्तियों ने सलमान के इस वीडियो और तस्वीरों को अपने सोशल मीडिया पर री-पोस्ट कर उनके प्रति एकजुटता जाहिर की है। सितारों का साफ कहना है कि किसी भी कलाकार या आम इंसान की बॉडी शेमिंग (body shaming row) करना और निजता पर हमला बोलना मनोरंजन नहीं, बल्कि एक अपराध है जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें– ट्रोल्स के खिलाफ सलमान खान के समर्थन में उतरी टीवी इंडस्ट्री, धीरज धूपर और कुशाल टंडन बोले- ‘ये करारा तमाचा है’
