Ambala news: अंबाला कैंट में चोर का तांडव, एक ही रात में तीन मकानों के तोड़े ताले, 4 घंटे तक बेधड़क चुराता रहा सामान
अंबाला कैंट में चोर का तांडव, एक ही रात में तीन मकानों के तोड़े ताले
Ambala news: अंबाला कैंट के प्रभु प्रेम पुरम (Prabhu Prem Puram) इलाके में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक चोर ने रविवार रात जमकर उत्पात मचाया। बेखौफ चोर ने एक ही रात में लगातार तीन मकानों को अपना निशाना बनाया और करीब चार घंटे से अधिक समय तक बेधड़क होकर सामान बटोरता रहा। सुबह जब लोगों की आंख खुली तो उन्हें वारदात का पता चला। घटना की सूचना तुरंत डायल-112 (Dial 112 Ambala)पर पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस (police)टीम ने पड़ताल शुरू कर दी है, वहीं पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों (theft CCTV) में रिकॉर्ड हो गई है।
छत के रास्ते घर में घुसा और 2-3 चक्कर लगाकर चोरी किया सामान
स्थानीय निवासी विनीत वालिया ने बताया कि चोर सबसे पहले मकान नंबर 560 में घुसा, जो अमरजीत सैनी का है और फिलहाल खाली पड़ा था। वहां पहली मंजिल पर रेनोवेशन का काम चल रहा था। वहां से सामान साफ करने के बाद चोर छत के रास्ते उनके मकान नंबर 560-A में दाखिल हो गया। चोर इतना शातिर था कि उसने एक साथ सारा सामान उठाने के बजाय 2-3 चक्कर लगाए। वह घर से पानी की मोटर, गेहूं, बाल्टियां, टब और अन्य सामान चोरी कर बाहर ले जाता रहा और किसी सुरक्षित स्थान पर रखकर दोबारा सामान चुराने आता रहा।
तीसरे घर में भी सफाई कर उसी रास्ते से हुआ रफूचक्कर
दो घरों में चोरी को अंजाम देने के बाद भी चोर का मन नहीं भरा और वह पड़ोस के मकान नंबर 561 में जा घुसा, जहां युधिष्ठिर मौदगिल रहते हैं। वहां से भी चोरी का सामान समेटने के बाद वह उसी रास्ते से सुरक्षित बाहर निकल गया, जिस रास्ते से आया था। विनीत वालिया के अनुसार सीसीटीवी जांचने पर पता चला कि आरोपी रात करीब 12:20 बजे कॉलोनी में आया था और अलसुबह 4:45 से 5:00 बजे के आसपास वहां से निकला।
कैमरा देखते ही ढका मुंह, पुलिस से पीसीआर गश्त बढ़ाने की मांग
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, गली में घुसते समय चोर ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। हालांकि जब वह 560-A की छत पर पहुंचा तो उसका चेहरा खुला हुआ था, लेकिन जैसे ही उसकी नजर छत पर लगे कैमरे पर पड़ी, उसने तुरंत कपड़े से चेहरा ढक लिया। इस घटना के बाद पूरी प्रभु प्रेम पुरम कॉलोनी में दहशत का माहौल है। पीड़ित विनीत वालिया ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ईमेल भेजकर इलाके में रात के समय पीसीआर की स्थायी तैनाती और गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस फिलहाल फुटेज खंगालकर चोर की शिनाख्त करने और माल बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में मानसून की विदाई से बदला मौसम, दिन में धूप का सितम और रातों में ठंडक
