September 22, 2026

Gulab Sidhu House Firing : गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग केस में बरनाला पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

0
Gulab Sidhu House Firing : गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग केस में बरनाला पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग केस में बरनाला पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा

Gulab Sidhu House Firing : पंजाब के चर्चित पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग करने वाले बदमाशों पर कानून का शिकंजा कसना शुरू हो गया है। बरनाला पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपी पंजाब के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और इन्होंने ही वारदात वाली रात बाइक पर सवार होकर गायक के घर को निशाना बनाया था। हालांकि, जिला पुलिस के बड़े अधिकारियों ने अभी तक मीडिया के सामने आधिकारिक तौर पर नामों का खुलासा नहीं किया है, क्योंकि इस पूरे मामले से पर्दा उठाने के लिए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस तय की गई है।

डीआईजी और एसएसपी करेंगे बड़ा खुलासा

पुलिस मुख्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस मामले का पूरा पर्दाफाश आज दोपहर ठीक एक बजे जिला पुलिस मुखी (एसएसपी) बरनाला के प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल में किया जाएगा।

इस दौरान विशेष रूप से पटियाला रेंज के डीआईजी कुलदीप सिंह चहल मौजूद रहेंगे, जो मीडिया के सामने आरोपियों को पेश करेंगे और इस पूरी साजिश के पीछे के नेटवर्क का खुलासा करेंगे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन हमलावरों के तार किसी बड़े गैंग या फिरौती रैकेट से जुड़े थे या नहीं।

वारदात की रात घर पर नहीं थे गायक

घटना बीते 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की है। गांव फरवाही में स्थित गुलाब सिद्धू के पैतृक घर के बाहर बाइक सवार बदमाश पहुंचे थे। सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती जांच में सामने आया था कि घर के बाहर रुकने के बाद बीच में बैठे युवक ने अपनी पिस्टल लोड की और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

उसके पीछे बैठे साथी ने भी फायरिंग की, जबकि बाइक चला रहा तीसरा शख्स इस पूरी वारदात का वीडियो बना रहा था। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हमला हुआ, उस दौरान सिंगर गुलाब सिद्धू अपने घर पर मौजूद नहीं थे, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।

पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां और हमले की साजिश

गौरतलब है कि गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की यह कोई पहली कोशिश नहीं है। इससे पहले 10 जनवरी 2026 को भी बरनाला पुलिस ने सिंगर पर हमले की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए तीन आरोपियों को दबोचा था। उस दौरान मुख्य साजिशकर्ता कोटदूना गांव का सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा था, जो गुलाब सिद्धू के एक गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से बुरी तरह खफा था और उसने सोशल मीडिया पर धमकियां भी दी थीं।

पूछताछ में यह बात सामने आई थी कि आरोपी पंजाब में खौफ का माहौल पैदा करके जबरन फिरौती वसूलना चाहते थे। दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के बेहद करीबी माने जाने वाले गुलाब सिद्धू को लगातार मिल रही धमकियों और खुफिया इनपुट के मद्देनजर पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा में पहले ही दो आर्म्स गार्ड्स तैनात किए हुए हैं।

Stubble Management Punjab : पंजाब में पराली जलाने के मामलों में 90% की आई गिरावट, सरकार ने तेज किया अभियान

Click Here : पंजाब, मोहाली, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों की ताज़ा खबरों और अपडेट्स से जुड़े रहने के लिए आप हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन कर सकते हैं। ग्रुप में जुड़ने के लिए क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *