Gulab Sidhu Ambala Mela: वामन द्वादशी मेले पर मूसेवाला को याद कर भावुक हुए पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू, जमकर बजीं तालियां
वामन द्वादशी मेले पर मूसेवाला को याद कर भावुक हुए पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू
Gulab Sidhu Ambala Mela: अंबाला शहर की पुरानी अनाज मंडी में 125 वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा ‘वामन द्वादशी मेले’ की पहली शाम बेहद खास और यादग़ार रही। मेले के उद्घाटन अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। सीएम सैनी ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और भगवान वामन के श्रीचरणों में माथा टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने मेले के ऐतिहासिक महत्व को सराहा और श्री सनातन धर्म सभा अंबाला को 21 लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री असीम गोयल और मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को शॉल और भगवान वामन का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू का जलवा, मंच से मांगी ‘जस्टिस फॉर सिद्धू मूसेवाला’
मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। जैसे ही गुलाब सिद्धू मंच पर पहुंचे, पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अपनी प्रस्तुति से पहले उन्होंने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद किया और दर्शकों से उनके नाम पर जोर-जोर से तालियां बजाने को कहा। सिद्धू ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर “Justice for Sidhu Moosewala” मुहिम का समर्थन करें और उसके हक में लिखें। इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत गायक राजवीर जवंदा के परिवार के लिए भी ईश्वर से अरदास करने की बात कही। शाम को गुरमुख खान और दिलावर कौशिक ने अपने सूफियाना और धार्मिक भजनों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
काले कपड़ों में नो-एंट्री का दावा! सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
एक तरफ जहां मंच से भक्ति और संगीत का रस बरस रहा था, वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। इंस्टाग्राम हैंडल ‘Sukh Sandhu’ से पोस्ट किए गए एक वीडियो में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री के आगमन के चलते सुरक्षा का हवाला देकर काले कपड़े (काली टी-शर्ट, शर्ट या जैकेट) पहनकर आए युवाओं और श्रद्धालुओं को मेला प्रांगण में प्रवेश नहीं करने दिया गया। वीडियो में एंट्री गेट पर पुलिस की सख्त चेकिंग का जिक्र करते हुए इस व्यवस्था पर नाराजगी जताई गई। हालांकि, प्रशासन की ओर से काले कपड़ों पर पाबंदी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और अधिकारी इसे अफवाह बता रहे हैं।
यह भी पढ़ें– अंबाला में 125 साल पुराना वामन द्वादशी मेला शुरू, CM नायब सैनी ने टेका माथा
