September 23, 2026

Hisar Sharp Shooter Arrest: सीएम नायब सैनी के हिसार दौरे से पहले बड़ी साजिश नाकाम, सीआईए ने दबोचा शार्प शूटर

0
Hisar Sharp Shooter Arrest: सीएम नायब सैनी के हिसार दौरे से पहले बड़ी साजिश नाकाम, सीआईए ने दबोचा शार्प शूटर

सीएम नायब सैनी के हिसार दौरे से पहले बड़ी साजिश नाकाम

Hisar Sharp Shooter Arrest: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में 1 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे राज्यस्तरीय कृषि मेले में मुख्यमंत्री नायब सैनी के आगमन को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही अलर्ट मोड पर हैं। इसी बीच हिसार सीआईए (CIA) मिल गेट की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सातरोड़ कलां इलाके से अजीत पहलवान गैंग के एक खतरनाक शार्प शूटर को धर दबोचा। पकड़ा गया आरोपी सातरोड़ कलां का ही रहने वाला सुमित है, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और पूर्व में वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी जुड़ा रहा है।

पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से आधुनिक हथियारों का जखीरा देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। आरोपी के कब्जे से अत्याधुनिक 2 तुर्की मेड पिस्टल, 3 मैगजीन और 75 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वीआईपी मूवमेंट से ठीक एक सप्ताह पहले इतने बड़े पैमाने पर विदेशी हथियारों के साथ शार्प शूटर का पकड़ा जाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की ओर इशारा कर रहा है।

गैंगवार की थी तैयारी: विरोधी गुट के 8 लोग थे निशाने पर

पुलिस के विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो आरोपी सुमित हिसार इलाके में किसी बड़ी खूनी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। उसके निशाने पर विरोधी गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा गिरोह के लगभग 8 लोग थे। गनीमत यह रही कि गश्त के दौरान सीआईए की मुस्तैदी से आरोपी समय रहते दबोच लिया गया, जिससे हिसार में होने वाली संभावित गैंगवार टल गई। हालांकि, हिसार पुलिस प्रशासन ने अभी आधिकारिक तौर पर टारगेट में शामिल नामों का खुलासा नहीं किया है।

आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर हासिल किया गया है। सीआईए की टीम अब गहनता से इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि इतनी भारी मात्रा में तुर्की मेड पिस्टल और गोलियां हरियाणा के भीतर किस रास्ते से सप्लाई की गईं। इस अंतरराज्यीय हथियार नेटवर्क के तार किस-किस गैंगस्टर से जुड़े हैं, इसकी भी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

एसपी की चेतावनी: अवैध असलहा रखने वालों पर होगी कठोरतम कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हिसार के पुलिस अधीक्षक (SP) सिद्धांत जैन ने साफ किया है कि पुलिस आरोपी से रिमांड के दौरान हर पहलू पर पूछताछ कर रही है। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले की शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने या अवैध हथियारों के दम पर खौफ का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री के आगामी कार्यक्रम को देखते हुए पूरे हिसार शहर और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी बढ़ा दी गई है। संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन चेकिंग की जा रही है, ताकि सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक की गुंजाइश न रहे।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 28 से 30 सितंबर के बीच बारिश के आसार; किसान रहें सावधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed