September 23, 2026

Yamunanagar News: धान खरीद पर शाहाबाद कूच कर रहे BKU नेताओं को रादौर पुलिस ने किया डिटेन, थाने में खाया खाना

0
Yamunanagar News: धान खरीद पर शाहाबाद कूच कर रहे BKU नेताओं को रादौर पुलिस ने किया डिटेन, थाने में खाया खाना

धान खरीद पर शाहाबाद कूच कर रहे BKU नेताओं को रादौर पुलिस ने किया डिटेन

Yamunanagar News: हरियाणा के मंडियों में धान की सरकारी खरीद शुरू कराने की मांग को लेकर अन्नदाता और सरकार के बीच तनातनी बढ़ती जा रही है। कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में जारी किसानों के अनिश्चितकालीन धरने को समर्थन देने के लिए यमुनानगर से रवाना हो रहे भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। रादौर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शाहाबाद जाने की तैयारी कर रहे 20 से अधिक प्रमुख किसान नेताओं को रास्ते में ही हिरासत (डिटेन) में ले लिया।

पुलिस सभी हिरासत में लिए गए किसानों को गाड़ियो में बैठाकर रादौर थाने ले आई। इस दौरान पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में किसान नेताओं ने अनोखा रुख अपनाया और थाने के भीतर एसएचओ (SHO) कार्यालय में बैठकर ही अपने साथ लाया गया दोपहर का खाना खाया।

सुबह से ही अलर्ट पर थी पुलिस, किसान नेताओं के घरों पर दी दबिश

किसानों के शाहाबाद कूच के ऐलान को देखते हुए बुधवार सुबह से ही रादौर क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। भाकियू टिकैत के यमुनानगर जिला प्रधान सुभाष गुर्जर ने बताया कि पुलिस बल सुबह से ही यूनियन के जिला कार्यालय के बाहर नाकेबंदी करके खड़ा था। जैसे ही किसान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी गाड़ियों में सवार होकर शाहाबाद के लिए रवाना होने लगे, पुलिस की गाड़ियों ने उन्हें घेर लिया और सभी को डिटेन कर थाने ले आई।

सुभाष गुर्जर ने आरोप लगाया कि केवल दफ्तर ही नहीं, बल्कि जिले भर में कई वरिष्ठ किसान नेताओं के घरों पर पुलिस ने सुबह-सुबह दबिश दी और उन्हें नजरबंद या डिटेन कर लिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की यह दमनकारी नीति किसानों के हौसले नहीं तोड़ सकती।

‘थाने पहुंचें किसान’: भाकियू जिला प्रधान ने दी कॉल, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रादौर थाने से संदेश जारी करते हुए भाकियू जिला अध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने जिले भर के किसानों से भारी संख्या में रादौर थाने पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल का वाजिब दाम और सरकारी खरीद शुरू कराने की जायज मांग को लेकर शाहाबाद में दूसरे दिन भी डटे हुए हैं। यमुनानगर का किसान पूरी तरह से अपने शाहाबाद के साथियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मंडियों में धान की सरकारी बोली और उठान की प्रक्रिया विधिवत रूप से शुरू नहीं हो जाती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। किसान संगठनों के कड़े तेवरों को देखते हुए रादौर थाने के आसपास और शाहाबाद-यमुनानगर मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

यह भी पढ़ें– शाहाबाद हाईवे पर किसानों का पक्का डेरा, धान खरीद पर अड़े चढूनी, टिकैत गुट ने दिया समर्थन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed