Yamunanagar Python Rescue: आधी रात को 14 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू, प्रतापनगर के मुकारोपुर पुल के पास मचा था हड़कंप
आधी रात को 14 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू, प्रतापनगर के मुकारोपुर पुल के पास मचा था हड़कंप
Yamunanagar Python Rescue: प्रताप नगर रघबीर सिंह। प्रतापनगर क्षेत्र के मुकारोपुर पुल के पास मंगलवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब राहगीरों और स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे करीब 14 फीट लंबा विशालकाय अजगर देखा। आबादी और मुख्य मार्ग के इतने करीब इतना बड़ा अजगर दिखने की खबर जंगल की आग की तरह फैल गई, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन्य प्राणी विभाग (Wildlife Department) को दी। देर रात सूचना मिलते ही विभाग हरकत में आया। वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम के निर्देशों पर वन्य जीव रक्षक व ईआरसी इंचार्ज प्रदीप तथा डारपुर बीट इंचार्ज प्रदीप की संयुक्त टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
टॉर्च की रोशनी में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, वन कर्मियों ने दिखाया अदम्य साहस
रात करीब एक बजे वन्य प्राणी विभाग की टीम मुकारोपुर पुल के पास पहुंची। घुप्प अंधेरे और घनी झाड़ियों के बीच 14 फीट लंबे और भारी-भरकम अजगर को रेस्क्यू करना किसी बड़े खतरे से कम नहीं था। जरा सी चूक से न केवल अजगर आक्रामक हो सकता था, बल्कि रेस्क्यू टीम के सदस्यों के लिए भी जोखिम खड़ा हो सकता था।
तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद वन कर्मियों ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया। टॉर्च की तेज रोशनी के सहारे टीम ने बिना किसी हथियार के अजगर को बहुत ही सावधानीपूर्वक स्नेक हुक और बोरे की मदद से सुरक्षित तरीके से काबू में कर लिया। त्वरित और सुरक्षित रेस्क्यू के बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।
गहरे जंगल में छोड़ा गया, वन विभाग ने जारी की हिदायत
अजगर को पकड़ने के बाद टीम उसे तुरंत वन्य जीव विहार क्षेत्र (आरक्षित वन क्षेत्र) ले गई, जहां उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।मामले की जानकारी देते हुए वन्य जीव निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि जंगलों से सटे इलाकों में बारिश या मौसम बदलने पर वन्यजीव अक्सर भोजन की तलाश में आबादी की तरफ आ जाते हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा, “वन्यजीवों की सुरक्षा और उनका संरक्षण विभाग की पहली प्राथमिकता है। यदि किसी रिहाइशी इलाके या सड़क किनारे कोई जहरीला सांप या वन्यजीव दिखाई दे, तो लोग उसे खुद पकड़ने, घेरने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश कतई न करें। तुरंत वन विभाग की हेल्पलाइन पर सूचना दें ताकि ट्रेंड टीम मौके पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।”
यह भी पढ़ें– शाहाबाद हाईवे पर किसानों का पक्का डेरा, धान खरीद पर अड़े चढूनी, टिकैत गुट ने दिया समर्थन
