September 25, 2026

Ambala News: अंबाला में भाजपा-इनेलो में सीधा टकराव, ओंकार सिंह को पकड़ने पहुंची CIA, भाजपाइयों ने घेरा थाना

0
Ambala News: अंबाला में भाजपा-इनेलो में सीधा टकराव, ओंकार सिंह को पकड़ने पहुंची CIA, भाजपाइयों ने घेरा थाना

अंबाला में भाजपा-इनेलो में सीधा टकराव, ओंकार सिंह को पकड़ने पहुंची CIA

Ambala News: अंबाला शहर के वार्ड नंबर-10 (Ajit Nagar) में बुधवार को हुए खूनी टकराव के बाद अब सियासत और पुलिसिया तफ्तीश दोनों गरमा गई हैं। शुक्रवार को मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया जब इनेलो के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह की गिरफ्तारी के लिए सीआईए (CIA) की टीम दल-बल के साथ उनके आवास पर आ धमकी। हालांकि, पुलिस को खाली हाथ ही लौटना पड़ा, क्योंकि ओंकार सिंह घर पर मौजूद नहीं थे। परिजनों ने पुलिस टीम को बताया कि वे नूंह में आयोजित पार्टी की रैली में शिरकत करने गए हुए हैं।

दूसरी तरफ, इनेलो नेता की गिरफ्तारी न होने से भड़के भाजपा नेता और कार्यकर्ता गोलबंद होकर महेशनगर थाने पहुंच गए। भाजपाइयों ने थाने में अधिकारियों का घेराव करते हुए साफ कहा कि जब नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज हो चुकी है, तो पुलिस कानूनी शिकंजा कसने में ढील क्यों बरत रही है? उन्होंने ओंकार सिंह की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग दोहराई।

क्या था पूरा माजरा? जानिए कैसे भड़का विवाद

दरअसल, पूरा विवाद बुधवार सुबह अजीत नगर इलाके में शुरू हुआ था। भाजपा पार्षद रमन छतवाल की शिकायत पर महेशनगर पुलिस ने इनेलो प्रवक्ता ओंकार सिंह, राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, उनकी पत्नी और गौरव सरोहा के खिलाफ मामला दर्ज किया था।

वहीं, इस मामले में ओंकार सिंह का अपना पक्ष है। उन्होंने भी पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि वह बुधवार सुबह करीब 11 बजे राजेश शर्मा के घर गए थे। जब वे वहां से लौट रहे थे, तो पार्षद रमन छतवाल, उनके साथी टिंकू राणा और अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। ओंकार सिंह का आरोप है कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और जानबूझकर मारपीट की कोशिश की गई।

हमले का खौफनाक वीडियो वायरल, लहूलुहान दिखा शख्स

घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इस राजनीतिक रंजिश की खौफनाक तस्वीर बयां की है। वीडियो में दिख रहा है कि एक अज्ञात व्यक्ति अचानक राजेश शर्मा पर किसी भारी चीज से वार करता है और मौके से रफूचक्कर हो जाता है। वार लगते ही राजेश शर्मा जमीन पर गिर पड़ते हैं और उनके सिर से खून का फव्वारा फूट पड़ता है।

फिलहाल, अंबाला पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और वायरल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। लेकिन जिस तरह से इनेलो और भाजपा के बीच यह सीधी जंग में तब्दील हो चुका है, उससे इलाके में राजनीतिक पारा पूरी तरह चढ़ा हुआ है।

यह भी पढ़ें – हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, आज से छमाछम बारिश के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed