एशियन गेम्स में महिला कबड्डी टीम ने भारत को दिलाया तीसरा गोल्ड, ईरान को 37-34 से हराया; मैराथन में 44 साल बाद मेडल
एशियन गेम्स में भारत को तीसरा गोल्ड
India third gold: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने महिला कबड्डी का फाइनल जीतकर तीसरा गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। जापान के नागोया में शनिवार को खेले गए फाइनल में भारतीय महिला टीम ने ईरान को 37-34 से हराया। मुकाबला शुरुआत से ही कड़ा रहा और दोनों टीमों के बीच लगातार अंकों का अंतर बदलता रहा। हाफ टाइम तक भारत ने 22-16 की बढ़त बना रखी थी। इसके बाद ईरान ने वापसी की कोशिश की और एटेना मदादी ने संजू को शानदार एंकल होल्ड करके रोका। इससे ईरान ने अंतर कम किया, लेकिन भारतीय टीम ने अंतिम चरण में बढ़त बनाए रखी और तीन अंकों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला कबड्डी टीम ने एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत के लिए यह शनिवार का चौथा पदक और प्रतियोगिता का तीसरा गोल्ड है।
भारत को पुरुष मैराथन में भी लंबे इंतजार के बाद पदक मिला। लंबी दूरी के धावक सावन बरवाल ने 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड का समय निकालकर सिल्वर मेडल जीता। पुरुष मैराथन में भारत को इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियन गेम्स में पदक मिला था। उस समय भारत ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। सावन की सिल्वर जीत के साथ इस इवेंट में भारत का 44 साल का पदक इंतजार खत्म हुआ। नागोया में शनिवार को सावन का प्रदर्शन भारत के लिए दिन की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। उनकी टाइमिंग ने उन्हें पोडियम पर जगह दिलाई।
शूटिंग में भारत का 11वां पदक, महिला टीम ने जीता सिल्वर
महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में भारत ने रजत पदक जीता। भारतीय टीम में आशी चौकसे, तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद शामिल थीं। भारत ने टीम इवेंट में दूसरा स्थान हासिल किया। चीन ने गोल्ड और कजाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। इस पदक के साथ शूटिंग में भारत की पदक संख्या 11 हो गई है। हालांकि, व्यक्तिगत स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन और विदार्शा विनोद पदक से चूक गईं। तिलोत्तमा ने 337.3 अंक के साथ चौथा स्थान हासिल किया, जबकि विदार्शा 327.4 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं। चीन की निशानेबाजों ने गोल्ड और सिल्वर जीते, जबकि दक्षिण कोरिया को ब्रॉन्ज मिला। इससे पहले क्वालिफिकेशन में तिलोत्तमा ने 590 अंक के साथ तीसरा और विदार्शा ने 588 अंक के साथ छठा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई थी। आशी चौकसे 585 अंक के साथ फाइनल में जगह नहीं बना सकीं।
महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 2-1 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने पहला गेम 21-14 से जीता, लेकिन दूसरे गेम में वोंग ने 22-20 से मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक गेम में उन्नति ने दबाव के बीच 21-19 से जीत हासिल की। अब टॉप-16 में उनका सामना इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वारदानी से होगा। वहीं, पुरुष सिंगल्स में लक्ष्य सेन का अभियान पहले ही राउंड में खत्म हो गया। पूर्व वर्ल्ड चैंपियन सिंगापुर के लोह कीन यू ने उन्हें 12-21, 21-15, 21-14 से हराया। निर्णायक गेम में लक्ष्य ने पांच अंकों की बढ़त को एक अंक तक जरूर कम किया, लेकिन लोह ने वापसी का मौका नहीं दिया।
टेबल टेनिस में मनुष शाह और यशस्विनी घोरपड़े बाहर
पुरुष सिंगल्स के तीसरे राउंड में भारत के मनुष शाह को चीन के लिन शिडोंग ने 4-0 से हराया। लिन ने 11-4, 11-4, 11-9, 12-10 से मुकाबला जीता। चौथे गेम में मनुष 10-5 से आगे थे, लेकिन लिन ने लगातार सात अंक जीतकर गेम और मैच अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ मनुष का पुरुष सिंगल्स अभियान खत्म हो गया। महिला सिंगल्स में यशस्विनी घोरपड़े को जापान की वर्ल्ड नंबर-3 मिवा हारिमोटो ने 4-1 से हराया। हारिमोटो ने 11-9, 11-5, 4-11, 11-4, 11-5 से जीत दर्ज की।
पुरुषों की 200 मीटर स्पर्धा में भारत के अनिमेष कुजूर ने 21.10 सेकंड के समय के साथ अपनी हीट जीती और सेमीफाइनल में जगह बनाई। डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर ने 100 मीटर में 10.98 सेकंड का समय निकालकर पांचवां स्थान हासिल किया और 865 अंक जुटाए। थौफीक नौशाद ने 11.02 सेकंड का समय निकाला। लॉन्ग जंप में तेजस्विन ने 7.53 मीटर की छलांग लगाई। अपने अंतिम प्रयास में वह फाउल कर गए और प्रदर्शन में सुधार नहीं कर सके। थौफीक ने अंतिम प्रयास में 7.37 मीटर की पर्सनल बेस्ट जंप लगाई और 904 अंक हासिल किए। दो इवेंट के बाद तेजस्विन 1807 अंक के साथ दूसरे और थौफीक 1759 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर थे। इसके बाद शॉट पुट का मुकाबला होना था।
फेंसिंग में भारत क्वार्टर फाइनल में हारा
पुरुष टीम साबर के क्वार्टर फाइनल में भारत को डिफेंडिंग चैंपियन दक्षिण कोरिया के खिलाफ 25-45 से हार मिली। इसके साथ भारतीय टीम का फेंसिंग में अभियान समाप्त हो गया। भारत की ओर से करण सिंह, जीएन कुमारेशन और विशाल थापर ने मुकाबले में हिस्सा लिया।
महिला कबड्डी का गोल्ड जीतने के बाद भारत की पदक संख्या 26 हो गई है। इनमें तीन गोल्ड, 11 सिल्वर और 12 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर है। चीन ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में गोल्ड जीतकर अपने स्वर्ण पदकों की संख्या 101 कर ली। चीन के कुल पदकों की संख्या 164 पहुंच गई है। एशियन गेम्स के सातवें दिन कुल 22 गोल्ड मेडल के लिए मुकाबले होने हैं। एथलेटिक्स में सात और कैनो स्प्रिंट में चार गोल्ड मेडल दांव पर हैं।
