Amritsar Police Encounter Karanbir Singh : ASI जसवंत सिंह पर हमला करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर
Amritsar Police Encounter Karanbir Singh : ASI जसवंत सिंह पर हमला करने वाला आरोपी एनकाउंटर में ढेर
Amritsar Police Encounter Karanbir Singh : पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अमृतसर में असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी करणबीर सिंह को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। आरोपी कुछ ही दिन पहले पुलिस की कस्टडी से चकमा देकर फरार हो गया था। अमृतसर देहात के कंडोवालिया इलाके में हुई इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें एक पुलिस मुलाजिम भी गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कस्टडी से भागने के बाद करणबीर की तलाश में विशेष टीमों का गठन किया गया था। गुरुवार को सूचना मिली कि आरोपी अमृतसर देहात के कंडोवालिया क्षेत्र में छिपा हुआ है। पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर जब उसे सरेंडर करने को कहा, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से चलाई गई गोली लगने से करणबीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजीठा में रिकवरी के दौरान पुलिस को दिया था चकमा
आरोपी करणबीर सिंह की फरारी के बाद से ही पुलिस की साख पर सवाल उठ रहे थे। 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात ASI जसवंत सिंह पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर करणबीर को दबोचा था।
बुधवार रात पुलिस टीम जब हमले में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए उसे मजीठा इलाके में लेकर गई थी, तभी अंधेरे का फायदा उठाकर वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर हिरासत से भाग निकला। आरोपी के भागते ही पूरे जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया था और नाकेबंदी बढ़ा दी गई थी।
सिर को छूकर निकल गई थी गोली, घायल हालत में थाने पहुंचे थे ASI
वारदात 11 सितंबर की रात की है, जब ASI जसवंत सिंह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकल रहे थे। राजासांसी क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और बेहद करीब से उनके सिर पर गोली चला दी।
किस्मत से गोली उनकी पगड़ी को भेदती हुई सिर की चमड़ी को छूकर निकल गई। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जसवंत सिंह ने गजब का हौसला दिखाया और खुद बाइक चलाकर पास के पुलिस थाने पहुंचे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
आतंकी संगठन TTH से जुड़ा था मामला
ASI जसवंत सिंह पर हुए इस हमले ने पंजाब सुरक्षा एजेंसियों के भी कान खड़े कर दिए थे, क्योंकि वारदात के कुछ ही घंटे बाद ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदोस्तान’ (TTH) नाम के आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी।
यह वही आतंकी संगठन है जो इससे पहले गुरदासपुर में एक ASI और होमगार्ड जवान की हत्या की जिम्मेदारी ले चुका था। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि करणबीर के संबंध इस आतंकी मॉड्यूल के साथ किस स्तर पर थे और उसे हथियार कहां से मुहैया कराए गए थे।
