Faridabad Robbery: फरीदाबाद में दीवार तोड़कर घुसे 5 बदमाश, प्रॉपर्टी डीलर को बांधकर 1 करोड़ लूटे
फरीदाबाद में दीवार तोड़कर घुसे 5 बदमाश, प्रॉपर्टी डीलर को बांधकर 1 करोड़ लूटे
Faridabad Robbery: औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में बेखौफ अपराधियों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए डाके की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। 5 हथियारबंद बदमाशों ने देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर के मकान पर धावा बोल दिया। (Haryana Robbery News) आरोपियों ने घर की दीवार तोड़ी और अंदर दाखिल होकर सो रहे व्यापारी को बंधक बना लिया। इसके बाद आरोपी बंदूक की नोक पर अलमारी में रखे करीब ₹1 करोड़ कैश समेटकर मौके से आसानी से फरार हो गए।
वारदात के समय प्रॉपर्टी डीलर घर में बिल्कुल अकेला था और गहरी नींद में सोया हुआ था। (Property Dealer Robbery Faridabad) अचानक दीवार टूटने और आहट होने पर जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक नकाबापोश बदमाशों ने उस पर कट्टा व पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने पीड़ित को चारपाई पर ही रस्सियों से कसकर बांध दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी।
जमीन की रजिस्ट्री के लिए रखे थे पैसे, मुखबरी की आशंका
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उसने हाल ही में जमीन का एक बड़ा सौदा तय किया था। शनिवार को ही उस जमीन की रजिस्ट्री होनी थी, जिसके भुगतान के लिए उसने घर में करीब ₹1 करोड़ की नगदी जुटाकर रखी हुई थी।
जिस तरह से बदमाशों ने सीधे घर की दीवार तोड़कर प्रवेश किया और सीधे कैश वाले स्थान को निशाना बनाया, उससे पुलिस को आशंका है कि इस वारदात के पीछे किसी नजदीकी या भेदिया का हाथ हो सकता है। बदमाशों को इस बात की सटीक जानकारी थी कि घर में इतनी बड़ी रकम रखी है और व्यापारी उस समय अकेला है।
खुद को छुड़ाकर दी सूचना, पुलिस खंगाल रही CCTV
बदमाशों के रफूचक्कर होने के बाद पीड़ित व्यापारी ने जैसे-तैसे मशक्कत कर खुद को रस्सियों से मुक्त कराया और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को वारदात की सूचना दी। सनसनीखेज डकैती की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसीपी और क्राइम ब्रांच की टीमें फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने इलाके को सील कर आसपास और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग (Haryana Police Investigation) खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि संदिग्धों की गतिविधियों के कुछ सुराग मिले हैं और क्राइम ब्रांच की कई टीमें गठित कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
