Ambala Hotel Patwari Death: अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे के होटल में संदिग्ध हालात में मिला पटवारी का शव, इलाके में सनसनी
अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे के होटल में संदिग्ध हालात में मिला पटवारी का शव
Ambala Hotel Patwari Death: अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कमरे के भीतर हरियाणा राजस्व विभाग के एक पटवारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान अंबाला शहर के सेक्टर-10 निवासी 57 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बराड़ा हलके में पटवारी के पद पर तैनात थे।
होटल कर्मचारियों की सतर्कता से खुला मामला
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी सहायक उप-निरीक्षक (ASI) गुलाब सिंह ने बताया कि अशोक कुमार ने मुख्य मार्ग पर बने एक होटल में कमरा किराए पर लिया था। कमरे में जाने के काफी समय बाद तक जब अंदर से किसी तरह की गतिविधि या आवाज नहीं सुनाई दी, तो होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई।
कर्मचारियों ने जब मास्टर की से दरवाजा खोलकर देखा, तो अशोक कुमार कमरे के भीतर बेसुध पड़े मिले। होटल प्रबंधन ने बिना देरी किए तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को मामले की सूचना दी।
मानसिक परेशानी बनी वजह?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जांच अधिकारी गुलाब सिंह के अनुसार, परिजनों और आसपास के लोगों से हुई शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि अशोक कुमार बीते कुछ समय से मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी दिमागी तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह क्या रही, यह पूरी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
यह भी पढ़ें– कैथल में सड़क हादसे में 15 साल के स्कूली छात्र की मौत, सुबह की सैर पर निकले मासूम को बाइक ने मारी टक्कर
