उज्जैन में मस्जिद हटाने के विरोध में हंगामा, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़ने पर बवाल
Ujjain Masjid Protest: मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार को शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने के विरोध में जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई के विरोध में जुटे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इस दौरान महिलाओं ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया, जबकि उन्हें हटाने की कोशिश में क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं। मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है। पथराव की घटनाओं के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को मौके से हटाने की कोशिश कर रही है। मामले की सुनवाई सोमवार को ही हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में होनी है।
उज्जैन में वर्ष 2028 में होने वाले सिंहस्थ मेले की तैयारियों के तहत शहर में सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। इसी योजना के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक करीब 900 मीटर लंबी सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाली इमारतों को हटाया जा रहा है। इसी कार्रवाई की जद में शाही मस्जिद का हिस्सा भी आ रहा है। मस्जिद का हिस्सा हटाए जाने के विरोध में सोमवार को स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हुआ और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध कर रहे कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके बाद पुलिस को आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
शाही मस्जिद के पास पुलिस पर पथराव के वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें कुछ युवक पुलिस की ओर पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। समझाइश के बाद भी दोबारा पथराव शुरू होने पर पुलिस ने फिर कार्रवाई की। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कम से कम डेढ़ दर्जन से अधिक आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद कुछ समय तक पथराव जारी रहा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी लोगों को तितर-बितर करने में जुटे रहे। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
महिलाओं ने किया चक्काजाम, थाना प्रभारी घायल
शाही मस्जिद का हिस्सा तोड़े जाने के विरोध में मुस्लिम महिलाओं ने नाका नंबर-5 पर सड़क जाम कर दी। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने महिलाओं को हटाकर रास्ता खुलवाने और स्थिति सामान्य करने की कोशिश की। इसी दौरान महिलाओं को हटाने की कार्रवाई में शहर की क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी पुष्पा पांचाल घायल हो गईं। पथराव और चक्काजाम के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया। पुलिस मौके पर लगातार हालात संभालने में जुटी रही।
हंगामे और पथराव की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। आईजी राकेश गुप्ता, कमिश्नर आशीष सिंह, डीआईजी नवनीत भासेन, कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। पुलिस की प्राथमिकता भीड़ को नियंत्रित करना और आगे पथराव की घटनाओं को रोकना है। मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में सोमवार को सुनवाई होनी है। ऐसे में अदालत की सुनवाई और मौके पर जारी कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
