Mahendragarh : हकेवि के पोषण जीवविज्ञान विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांट में आयोजित किया जनजागरूकता कार्यक्रम
Mahendragarh : हकेवि के पोषण जीवविज्ञान विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जांट में आयोजित किया जनजागरूकता कार्यक्रम
Mahendragarh : हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि), महेंद्रगढ़ के पोषण जीवविज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह (एनएनएम-2026) के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जांट में जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वदेशी खाद्य पदार्थों तथा जीवन के विभिन्न चरणों में पोषण संबंधी बीमारियों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने अपने संदेश में इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के शोध एवं ज्ञान को सार्थक जनसंपर्क गतिविधियों के माध्यम से समुदाय तक पहुंचाना आवश्यक है।

उन्होंने इस प्रकार के कार्यक्रमों को समाज के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया। विश्वविद्यालय के समकुलपति प्रो. पवन कुमार शर्मा ने भी विभाग एवं विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा, शोध और सामुदायिक सहभागिता के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अनीता कुमारी ने व्याख्यान के माध्यम से दैनिक आहार में स्वदेशी फसलों के उपयोग पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से कचरी एवं मोटे अनाज के पोषण महत्व, पारंपरिक खाद्य संस्कृति में उनकी उपयोगिता तथा स्वस्थ आहार, खाद्य सुरक्षा और गैर-संचारी रोगों के प्रबंधन में उनकी संभावनाओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।
वहीं, डॉ. अश्वनी कुमार ने किण्वित खाद्य पदार्थों के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए पारंपरिक खाद्य प्रणालियों में उनकी भूमिका तथा पोषण संबंधी बीमारियों की रोकथाम और प्रबंधन में उनकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने ‘जीवन के विभिन्न चरणों में स्वास्थ्य, पोषण एवं रोग‘ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वस्थ खानपान की आदतों, संतुलित आहार तथा पोषण संबंधी विकारों की रोकथाम का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने स्लोगन लेखन, कविता पाठ एवं अन्य पोषण जागरूकता गतिविधियों में भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. अनीता कुमारी ने विद्यालय के प्राचार्य श्री सुखरामपाल, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की आयोजन सचिव डॉ. अश्वनी कुमार ने कहा कि यह आयोजन शैक्षणिक शोध एवं सामुदायिक सहभागिता के बीच प्रभावी सेतु स्थापित करने के साथ युवा विद्यार्थियों में पोषण संबंधी साक्षरता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
