Narnaul : नारनौल ग्रामीण और कनीना सर्कल में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू, पोषण और संस्कारों का दिया गया संदेश
Narnaul : नारनौल ग्रामीण और कनीना सर्कल में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का दूसरा चरण शुरू, पोषण और संस्कारों का दिया गया संदेश
Narnaul : महिला एवं बाल विकास की ओर से जिला में चलाए जा रहे राष्ट्रीय पोषण माह और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के द्वितीय चरण की नारनौल ग्रामीण तथा कनीना सर्कल में शुरुआत हुई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी शालू यादव के मार्गदर्शन में आयोजित इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को सीधे समाज से जोड़ना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस पहल के जरिए आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल सेवा केंद्र न मानकर सेवा, संस्कार और समर्पण के एक सशक्त माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

अमरपुर जोरासी और कारोली गांव स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पोषण अभियान की ब्लॉक कोऑर्डिनेटर प्रिया ने महिलाओं को बच्चों के जीवन के शुरुआती 1000 दिनों का महत्व समझाया।
इसके साथ ही उन्होंने एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार के सेवन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

आयोजन को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए बच्चों के बीच चित्रकारी, रंग भरने और मिट्टी के खिलौने बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अभियान की अगली कड़ी में आगामी दिनों में स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन, सेवा संकल्प की शपथ और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता स्नेहलता, मनीषा, कांता, गायत्री, ग्यारसी तथा आशा वर्कर सपना शर्मा व मुकेश देवी सहित दोनों गांवों की अनेक महिलाएं मौजूद रहीं।
यह भी देखें – जिला कांग्रेस कमेटी महेंद्रगढ़ का प्रदर्शन, चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में पारदर्शिता की उठाई मांग
