Gurugram Train Suicide: गुरुग्राम में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, 4 दिन पहले ही लगी थी नौकरी
गुरुग्राम में युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी, 4 दिन पहले ही लगी थी नौकरी
Gurugram Train Suicide: साइबर सिटी गुरुग्राम से एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है। सोमवार को यहां एक 29 वर्षीय युवक ने तेज रफ्तार ट्रेन के आगे छलांग लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। ट्रेन की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसकी टक्कर से युवक का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। हादसे की खबर मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस (GRP Railway Police Gurugram) की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
चार दिन पहले ही लगी थी नई नौकरी
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती छानबीन में मृतक की पहचान राजेंद्र पार्क क्षेत्र के रहने वाले मोहित (29) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक मोहित अविवाहित था और रोजगार की तलाश में गुरुग्राम में रह रहा था। काफी प्रयासों के बाद महज 3-4 दिन पहले ही उसे दौलताबाद फ्लाईओवर के पास स्थित एक मेगा मॉल में नौकरी मिली थी। अचानक उठाए गए इस आत्मघाती कदम से उसके सहकर्मी और परिचित भी गहरे सदमे में हैं।
मौके पर पसरा सन्नाटा, क्षत-विक्षत हुआ शरीर
प्रत्यक्षदर्शियों और रेलवे स्टाफ (Gurugram Railway Track Accident) की सूचना के बाद जीआरपी के जांच अधिकारी बाबूलाल अपनी टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रेन की भयानक टक्कर के चलते युवक का शव दो टुकड़ों में बंट चुका था और गर्दन धड़ से अलग होकर काफी दूर जा गिरी थी। पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर बिखरे शव के हिस्सों को एकत्र कर तुरंत नागरिक अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
वजह तलाशने में जुटी जीआरपी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी जांच अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की वजह साफ हो सके। पुलिस फिलहाल मोहित के मोबाइल फोन के कॉल रिकॉर्ड्स और व्हाट्सएप मैसेज खंगाल रही है। इसके साथ ही उसके दोस्तों, परिजनों और नए कार्यस्थल के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी मानसिक तनाव से तो नहीं गुजर रहा था। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी में मानवता शर्मसार, बिजली बोर्ड कॉलोनी में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात
