September 29, 2026

Karnal ACB Raid: करनाल में ACB का बड़ा एक्शन, 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया क्लर्क गौरव, जानिए पूरा मामला

0
Karnal ACB Raid: करनाल में ACB का बड़ा एक्शन, 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया क्लर्क गौरव, जानिए पूरा मामला

करनाल में ACB का बड़ा एक्शन, 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा गया क्लर्क गौरव

Karnal ACB Raid: (मुनीश मुंडे) हरियाणा के करनाल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। नगर निगम में तैनात क्लर्क गौरव राणा को प्रॉपर्टी आईडी में नाम की गलती सुधारने के बदले 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। शातिर क्लर्क ने एसीबी की रेड और सीसीटीवी कैमरों के डर से रिश्वत की रकम लेने के लिए पीड़ित को नगर निगम दफ्तर की बजाय पुराने बस स्टैंड पर बुलाया था, लेकिन मुस्तैद एसीबी टीम ने उसका यह दांव उल्टा कर दिया और मौके पर ही धर दबोचा।

हफ़्तेभर से दफ्तर के चक्कर काट रहा था पीड़ित, क्लर्क ने रख दी 5 हजार की डिमांड

जानकारी के अनुसार, करनाल निवासी कुलदीप अपनी प्रॉपर्टी आईडी में दर्ज गलत नाम को ठीक करवाने के लिए पिछले एक सप्ताह से नगर निगम कार्यालय के चक्कर काट रहे थे। सोमवार को जब उनकी मुलाकात क्लर्क गौरव राणा से हुई, तो उसने नियम-कायदों का हवाला देकर काम अटकाने की बात कही और नाम दुरुस्त करने के एवज में सीधे 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली। बार-बार दफ्तर के चक्कर काटने से परेशान कुलदीप ने रिश्वत देने की बजाय इसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो की करनाल टीम को दे दी।

केमिकल लगे नोट और एसीबी का अभेद्य ट्रैप

शिकायत मिलते ही एसीबी के इंस्पेक्टर अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। योजना के मुताबिक, टीम ने शिकायतकर्ता कुलदीप को 5 हजार रुपये के ऐसे नोट दिए जिन पर खास केमिकल पाउडर लगाया गया था और उनके नंबर नोट कर लिए गए। कुलदीप को हिदायत दी गई कि जैसे ही क्लर्क पैसे हाथ में ले, तुरंत इशारा कर दिया जाए।

बस स्टैंड को समझा ‘सेफ जोन’, वहीं दबोचा गया क्लर्क

क्लर्क गौरव राणा को आशंका थी कि नगर निगम दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे और एसीबी की चौकसी के कारण वहां पैसे लेना जोखिम भरा हो सकता है। इसीलिए उसने कुलदीप को मंगलवार सुबह करीब 9 बजे करनाल के पुराने बस स्टैंड पर मिलने का वक्त दिया। जैसे ही बस स्टैंड पर कुलदीप ने केमिकल लगे नोट क्लर्क को थमाए, आसपास सादे कपड़ों में तैनात एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब उसके हाथ धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।

नगर निगम दफ्तर में हड़कंप, एसीबी कर रही पूछताछ

कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी क्लर्क को पहले नगर निगम कार्यालय लेकर पहुंची, जहां घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेज जुटाए गए। इसके बाद आरोपी को एसीबी कार्यालय ले जाया गया। क्लर्क के रंगे हाथ पकड़े जाने की खबर मिलते ही नगर निगम के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल था।

यह भी पढ़ें–  हरियाणा में जाते-जाते बदला मानसून, तापमान 7 डिग्री गिरा, 6 जिलों में आज भी बारिश के आसार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed