Faridabad News: फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब
फरीदाबाद में सड़क पर बेकाबू हुआ लोगों का गुस्सा, हॉर्न बजाने पर कैब चालक की पीट-पीटकर बनाई हालत खराब
Faridabad News: हरियाणा के औद्योगिक शहर फरीदाबाद (Faridabad Church Road Incident) में लोगों का आपा इस कदर खो रहा है कि मामूली सी बात पर खून-खराबे और मारपीट की नौबत आ रही है। ताजा सनसनीखेज मामला एनआईटी क्षेत्र के व्यस्ततम 5 नंबर चर्च रोड से सामने आया है, जहां सड़क पर सिर्फ एक हॉर्न बजाना और गाड़ी हल्की सी टच हो जाना एक गरीब कैब चालक के लिए आफत बन गया। आगे चल रही कार में सवार दो दबंग युवकों ने बिना कुछ सोचे-समझे कानून धज्जियां उड़ाईं और कैब चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी।
रात के सन्नाटे में बीच सड़क पर हुई इस गुंडागर्दी का पूरा वाकया पीड़ित गाड़ी में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज के सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों का आक्रोश उबल पड़ा है और फरीदाबाद पुलिस की गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
अचानक ब्रेक, हल्का सा हॉर्न और फिर बीच सड़क पर तांडव
चर्च रोड पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, पीड़ित कैब चालक अपनी गाड़ी लेकर सामान्य रफ्तार में जा रहा था। तभी आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। हादसे से बचने के लिए कैब ड्राइवर ने फौरन हॉर्न बजाया, लेकिन इसके बावजूद उसकी कैब आगे वाली गाड़ी से बेहद हल्के से टकरा गई। टक्कर इतनी मामूली थी कि न तो किसी गाड़ी का बंपर टूटा और न ही कोई बड़ा नुकसान हुआ।
आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोग गाड़ी का नुकसान देखते हैं या आपस में बात करके मामला सुलझा लेते हैं। लेकिन आगे वाली कार से उतरे दोनों युवकों के सिर पर मानों खून सवार था। गाड़ी रुकते ही वे बिना किसी बातचीत के सीधे कैब की तरफ झपटे।
डैशकैम में कैद हुई दरिंदगी, तमाशबीन बने रहे राहगीर
कैब के डैशकैम में रिकॉर्ड हुई फुटेज फरीदाबाद के सड़कों की खौफनाक सच्चाई बयां कर रही है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों दबंग युवकों ने कैब को घेर लिया और ड्राइवर सीट का दरवाजा खोलकर बेकसूर चालक को खींचते हुए बाहर निकाला। (Road Rage Dashcam Footage) इसके बाद दोनों ने मिलकर उसे एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित चालक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा।
चौंकाने वाली बात यह भी रही कि जिस वक्त यह पूरी वारदात हो रही थी, आसपास से कई गाड़ियां और राहगीर गुजर रहे थे, मगर किसी ने भी आगे बढ़कर उस गरीब ड्राइवर को बचाने की जहमत नहीं उठाई।
पुलिस गश्त पर सवाल, सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
सरेराह हुई इस मारपीट का वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह फैल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि फरीदाबाद की सड़कों पर अब अपराधियों और सिरफिरे दबंगों के दिल से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। देर रात एनआईटी जैसे प्रमुख व्यावसायिक इलाके में ऐसी घटनाएं शहर की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती हैं।
नेटीजन्स अब इस वीडियो को हरियाणा पुलिस और फरीदाबाद पुलिस को टैग करके आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि रोज़ी-रोटी कमाने निकले कामकाजी चालकों पर इस तरह हाथ उठाना सीधे तौर पर जंगलराज को दावत देना है।
यह भी पढ़ें– Bhiwani News: भिवानी में मानवता शर्मसार, बिजली बोर्ड कॉलोनी में पेड़ पर काली थैली में लटका मिला नवजात
