Ajit Nagar Ambala Street Dispute: अंबाला कैंट गली विवाद में नया मोड़, भाजपा पार्षद पक्ष पर तेजधार हथियार से हमले का वीडियो आया सामने
अंबाला कैंट गली विवाद में नया मोड़, भाजपा पार्षद पक्ष पर तेजधार हथियार से हमले का वीडियो आया सामने
Ajit Nagar Ambala Street Dispute: अंबाला कैंट के वार्ड नंबर-10 (अजीत नगर) में बीते सप्ताह गली निर्माण को लेकर भाजपा पार्षद रमन छतवाल और इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह के समर्थकों के बीच हुआ खूनी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद अब मामले से जुड़ा एक नया सीसीटीवी/वायरल वीडियो सामने आया है, जिसने इलाके में एक बार फिर सियासी और सामाजिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस नए वीडियो में झगड़े के दौरान एक युवक घर के अंदर से धारदार हथियार लेकर बाहर आता है और सीधे पार्षद पक्ष के लोगों पर टूट पड़ता है।
सामने आई फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि विवाद के बीच एक युवक घर से तेजधार हथियार निकालकर लाता है और पार्षद के साथी टिंकू राणा की तरफ लपकता है। युवक हथियार से सीधे वार करता है, जिससे बचने के लिए टिंकू राणा को मौके से दौड़ लगानी पड़ती है।
ईंट-पत्थर लेकर भागे हमलावर, इलाके में देर तक मची रही अफरातफरी
वीडियो में सिर्फ हथियारबंद युवक ही नहीं, बल्कि उसके पीछे कुछ अन्य लोग भी हाथों में ईंट और पत्थर लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटनास्थल पर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच तीखी हाथापाई और भारी तनाव का माहौल नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा राजेश शर्मा पर हमला करने और उनके सिर से खून बहते हुए जमीन पर गिरने के दृश्य सामने आए थे। हालांकि, सामने आ रहे इन वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि ‘जग मार्ग’ नहीं करता है और यह पूरी तरह पुलिस जांच का विषय है।
नामजद आरोपियों पर केस दर्ज, पुलिस तलाश रही सीसीटीवी की डीवीआर
मामले में महेश नगर थाना पुलिस पहले ही भाजपा पार्षद रमन छतवाल की शिकायत पर कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह, राजेश शर्मा, आशुतोष शर्मा, राजेश शर्मा की पत्नी और गौरव सरोहा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया हुआ है।
महेश नगर थाना के कार्यवाहक अधिकारी भूपेंद्र सिंह का कहना है कि नामजद आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अजीत नगर स्थित घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की डीवीआर (DVR) खंगाल रही है ताकि ठोस साक्ष्य जुटाए जा सकें।
दूसरी ओर, ओंकार सिंह पक्ष की तरफ से भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, जिसमें रमन छतवाल व टिंकू राणा पर धक्का-मुक्की और मारपीट का आरोप लगाया गया था। इस बीच, नामजद पक्ष ने अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर 30 सितंबर को सुनवाई होनी है। पुलिस का दावा है कि नए वीडियो की भी बारीकी से जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग
