चंडीगढ़ में लगेगा देशभर के मेयरों का जमावड़ा, होटल माउंटव्यू में होगा 118वां महापौर सम्मेलन; कटारिया होंगे मुख्य अतिथि
गुरदासपुर में अंतरराज्यीय हथियार गिरोह का भंडाफोड़
Chandigarh Mayor Conference: देशभर के मेयर और नगर निकायों के प्रतिनिधि अगले कुछ दिनों में चंडीगढ़ में जुटेंगे। 4 से 6 अक्टूबर तक सेक्टर-10 स्थित होटल माउंटव्यू में ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर का 118वां महापौर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। चंडीगढ़ इस बार सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है और पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया इसके मुख्य अतिथि होंगे। ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर की कार्यकारिणी के करीब 40-45 सदस्यों के सम्मेलन में शामिल होने की उम्मीद है। इनमें से 28 सदस्यों के आने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 17 सदस्यों ने सम्मेलन में शामिल होने से मना कर दिया है। बाकी सदस्यों से अभी बातचीत चल रही है।
गृह सचिव ने अधिकारियों के साथ की बैठक
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर गृह सचिव एवं स्थानीय निकाय विभाग के सचिव मनदीप सिंह बराड़ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में महापौर सौरभ जोशी, उपायुक्त निशांत कुमार यादव, नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार और एसएसपी कंवरदीप कौर समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में बाहर से आने वाले मेयरों और प्रतिनिधियों के ठहरने, सुरक्षा, परिवहन और दूसरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। गृह सचिव ने संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां समय पर पूरी करने और सभी व्यवस्थाओं के लिए आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
सम्मेलन की शुरुआत 4 अक्टूबर को मेयरों और प्रतिनिधियों के चंडीगढ़ पहुंचने के साथ होगी। 5 अक्टूबर को सम्मेलन का उद्घाटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसी दिन ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर की बैठक भी होगी। मेहमान मेयरों और प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ नगर निगम की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों से परिचित कराने के लिए शहर का भ्रमण भी कराया जाएगा। इसके जरिए दूसरे शहरों से आने वाले प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ में नगर निगम की ओर से किए जा रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। 6 अक्टूबर को सम्मेलन का समापन सत्र आयोजित होगा।
होटल माउंटव्यू में ठहरने की व्यवस्था, दो CTU बसें रहेंगी
सम्मेलन में शामिल होने वाले सदस्यों के लिए सेक्टर-10 स्थित होटल माउंटव्यू में कमरों की बुकिंग की जा रही है। शहर भ्रमण और अन्य आवाजाही के लिए चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग यानी CTU की दो बसों का इंतजाम किया गया है। दोनों बसें दो दिन तक सम्मेलन में शामिल होने वाले सदस्यों के साथ रहेंगी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस को दी गई है, जबकि ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सिटको को सौंपी गई है।
महापौर सम्मेलन के आयोजन के लिए नगर निगम आयुक्त की ओर से 25 लाख रुपए का बजट मंजूर किया जा चुका है। हालांकि, नगर निगम के कई पार्षदों ने सम्मेलन की जानकारी उन्हें नहीं होने की बात कही है। पार्षदों का कहना है कि सम्मेलन के आयोजन पर नगर निगम का पैसा खर्च होना है, लेकिन इसके लिए निगम हाउस या किसी कमेटी से बजट मंजूर नहीं कराया गया। ऐसे में सम्मेलन के आयोजन को लेकर नगर निगम के भीतर सवाल भी उठ रहे हैं।
सम्मेलन में शामिल होने वाले कार्यकारिणी सदस्यों की पूरी सूची अभी नगर निगम के पास नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था तैयार करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सम्मेलन में आने वाले सदस्यों की सूची मांगी थी। बताया गया है कि शनिवार को सूची कंफर्म होने के बाद इसे एसएसपी और एमडी सिटको को सौंपा जाएगा। इसके बाद मेहमानों की सुरक्षा, परिवहन और ठहरने से जुड़ी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
इन मेयरों और प्रतिनिधियों का आना कंफर्म
सम्मेलन में ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर की कार्यकारिणी की चेयरमैन रेनू बोला गुप्ता, मेयर करनाल; नेशनल जनरल सेक्रेटरी आशुतोष वरशने, पूर्व मेयर अलीगढ़; सीनियर वाइस चेयरमैन डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मेयर गोरखपुर; वाइस चेयरमैन मरिगेन सारानिया, मेयर गुवाहाटी; वाइस चेयरमैन पुष्यामित्रा भार्गव, मेयर इंदौर; वाइस चेयरमैन मायाबेन धर्मेंद्राबाई मवानी, मेयर सूरत और सेक्रेटरी इंदरजीत कौर, मेयर लुधियाना का आना कंफर्म बताया गया है।
इसके अलावा पूजा विडानी, बिलासपुर; शेरिंग पैडेन भूटिया, गंगटोक; मीनल चौबे, रायपुर; नीता राजेंद्रा ठाकरे, नागपुर; लिखा नारी तदार, ईटानगर; जी उदयाकुमार, अवाडी; नेहल शुक्ला, राजकोट; राजीव जैन, सोनीपत; रूपरानी संग्राम सिंह निकल, कोल्हापुर; नंदलाल देवगन, बीरगांव; लक्ष्मी नारायण गुप्ता, छपरा; प्रवीण बतरा जोशी, फरीदाबाद; विनोद अग्रवाल, मुरादाबाद; कुरागायला उमा रानी, निजामाबाद; शंभु पासवान, ऋषिकेश; अनीता अग्रवाल, रूड़की; योगेश कुमार, सतना; विवेक नारायण, पूर्व मेयर ग्वालियर; नवीन जैन, पूर्व मेयर आगरा और जगदीश राय पटेल, पूर्व मेयर सूरत के नाम भी शामिल हैं।
