October 1, 2026

हेड कांस्टेबल हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा: माता-पिता को मारने की साजिश रचने के दस दिन बाद दिया वारदात को अंजाम

0
हेड कांस्टेबल हत्याकांड का चौंकाने वाला खुलासा: माता-पिता को मारने की साजिश रचने के दस दिन बाद दिया वारदात को अंजाम

हत्या के बाद आरोपी बेटे को ले जाती पुलिस

Chandigarh Head Constable Murder: चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में हेड कांस्टेबल नितिन की हत्या के मामले में पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ परिवार के भीतर ही रची गई कथित साजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, नितिन के बेटे अरमान ने करोड़ों की प्रॉपर्टी हासिल करने के लिए अपने माता-पिता की हत्या की योजना बनाई थी। वह अपनी जीरकपुर निवासी प्रेमिका से शादी करना चाहता था और उसे लगता था कि माता-पिता उसके रिश्ते के रास्ते में आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, अरमान अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है। ऐसे में दोनों की मौत के बाद पूरी प्रॉपर्टी उसके नाम होने की बात सामने आई है। जांच में यह भी सामने आया कि अरमान ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए एक अलग कहानी तैयार की थी।

पुलिस के मुताबिक, अरमान ने योजना के तहत सो रहे पिता नितिन के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से नितिन की मौत हो गई। इसके बाद अरमान ने अपनी मां मोनिका को भी गोली मारने की कोशिश की, लेकिन कट्टे से गोली नहीं चली। गोली चलने की आवाज से मोनिका की नींद खुल गई। इसके बाद अरमान ने उसका गला दबाने की कोशिश की। मां के जागने के बाद उसकी बनाई योजना बिगड़ गई और उसे वारदात को दूसरी दिशा देने की कोशिश करनी पड़ी।

 

 

पुलिस को बताई दूसरी कहानी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अरमान ने जांच को भटकाने के लिए एक अलग कहानी बताई। उसने पुलिस को बताया कि जिन लोगों की पहले थार की चपेट में आने से मौत हुई थी, वही लोग उनके घर में घुसे थे और उन्होंने उसके पिता नितिन की हत्या की। पुलिस ने शुरुआत में अरमान के बयान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। हालांकि, नितिन की पत्नी मोनिका ने पुलिस को घटनाक्रम के बारे में अलग जानकारी दी। दोनों बयानों में अंतर सामने आने के बाद पुलिस ने पूरे घटनाक्रम को दूसरे एंगल से खंगालना शुरू किया। पुलिस जांच में सामने आया कि अरमान ने हत्या के लिए देसी कट्टा खरीदा था। इसके लिए उसने करीब 11 हजा र रुपए दिए थे। पुलिस के मुताबिक, वारदात से करीब 10 दिन पहले वह कट्टा लेने के लिए हरिद्वार गया था। पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद शाहिद को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शाहिद ने अरमान को देसी कट्टा उपलब्ध कराया था। पुलिस अब हथियार की खरीद और उसे अरमान तक पहुंचाने की पूरी कड़ी की जांच कर रही है।

 

 

शाहिद चार दिन के पुलिस रिमांड पर

मोहम्मद शाहिद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। अरमान और शाहिद दोनों को अदालत ने चार-चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस इस दौरान हत्या की साजिश, हथियार की खरीद और वारदात से पहले की गतिविधियों के बारे में पूछताछ कर रही है। मामले में तीसरे आरोपी साहिल का नाम भी सामने आया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि साहिल मेरठ में छिपा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या की साजिश में उसकी क्या भूमिका थी।

पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में करोड़ों की प्रॉपर्टी और अरमान के प्रेम संबंध को मुख्य वजह के तौर पर देखा जा रहा है। जांच के अनुसार, अरमान अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था और माता-पिता को इस रिश्ते में बाधा मान रहा था। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि वारदात से पहले अरमान ने किन लोगों से संपर्क किया, हथियार खरीदने की योजना कब बनाई और हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने वाली कहानी कैसे तैयार की। मोनिका के बयान और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों ने पुलिस को कथित साजिश की कड़ियों तक पहुंचने में मदद की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed