Rise And Fall 2: ‘आधी रात को नशे में धुत होकर कमरे पर आया डायरेक्टर’, स्वरा भास्कर ने बयां की खौफनाक रात की कहानी
'आधी रात को नशे में धुत होकर कमरे पर आया डायरेक्टर', स्वरा भास्कर ने बयां की खौफनाक रात की कहानी
Rise And Fall 2: अपनी अदाकारी से ज्यादा अपने बेबाक बयानों और सामाजिक मुद्दों पर मुखर रहने के लिए मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर इन दिनों रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ (Rise And Fall 2) को लेकर चर्चा में हैं। शो के दौरान स्वरा न सिर्फ खेल का हिस्सा बन रही हैं, बल्कि अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़े कई ऐसे राज उजागर कर रही हैं जिन्हें सुनकर हर कोई हैरान है। हाल ही में एक एपिसोड के दौरान स्वरा ने फिल्म इंडस्ट्री के काले सच और अपने साथ हुई बदतमीजी की खौफनाक कहानी बयां की।
स्वरा ने बताया कि कैसे करियर के शुरुआती दौर में एक फिल्म के निर्देशक ने उनके साथ अनैतिक व्यवहार करने की कोशिश की थी और नशे में धुत होकर आधी रात को उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया था।
‘अकेले में रिहर्सल करना चाहता था डायरेक्टर’
स्वरा भास्कर ने शो में साथी कंटेस्टेंट्स से बातचीत के दौरान बताया कि यह घटना फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ की रिलीज के ठीक बाद की है, जब वह एक नई फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रही थीं। करीब 56 दिनों के आउटडोर शूटिंग शेड्यूल के दौरान डायरेक्टर ने उन पर बेवजह दबाव बनाना शुरू कर दिया था।
View this post on Instagram
स्वरा के मुताबिक, “उस डायरेक्टर का कहना था कि बेहतर अभिनय के लिए डायरेक्टर को अपनी एक्ट्रेस से प्यार होना चाहिए। फिर उसने मुझे निजी मैसेजेस भेजना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब फिल्म के एक लव सीन की रिहर्सल के बहाने उसने मुझे अकेले में बुलाया। जब मैंने पूछा कि रिहर्सल में और कौन-कौन होगा, तो उसने कहा- ‘बस तुम और मैं’। इस पर मैंने साफ मना कर दिया कि अगर रिहर्सल होगी तो कैमरामैन और बाकी एक्टर्स की मौजूदगी में होगी, अकेले नहीं।”
गेस्ट हाउस का वो खौफनाक मंजर: ‘क्या मैं तुम्हें गले लगा सकता हूं?’
स्वरा ने आगे उस रात की खौफनाक घटना का जिक्र करते हुए कहा, “जिस गेस्ट हाउस में हमारी टीम ठहरी हुई थी, वहां पूरे क्रू में मैं इकलौती महिला थी। रात में डायरेक्टर और सिनेमैटोग्राफर बैठकर शराब पी रहे थे। मैं अपने कमरे में बेहद डरी हुई थी। तभी आधी रात को किसी ने जोर-जोर से दरवाजा खटखटाया। जब मैंने दरवाजा खोला तो देखा कि डायरेक्टर नशे में झूम रहा था। उसने मुझसे कहा- ‘क्या मैं तुम्हें गले लगा सकता हूं?’ मैंने बिना झिझक उसके मुंह पर कहा- ‘बिल्कुल नहीं’ और तुरंत दरवाजा बंद कर लिया।”
भड़क उठे प्रियंका चाहर चौधरी और तेज प्रताप यादव
स्वरा भास्कर के इस दर्दनाक और खौफनाक अनुभव को सुनकर शो में मौजूद सह-कलाकार प्रियंका चाहर चौधरी और बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव भी खुद पर काबू नहीं रख पाए। प्रियंका ने स्वरा की बात बीच में ही काटते हुए बेहद गुस्से में कहा, “आपको तो वहीं उसे जोरदार तमाचा जड़ना चाहिए था और पूछना चाहिए था कि क्या अब गले लगाऊं?” वहीं, तेज प्रताप यादव ने भी स्वरा के इस साहसिक कदम का समर्थन करते हुए कहा कि ऐसे घटिया मानसिकता वाले लोगों का उसी वक्त विरोध किया जाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें– ‘राम को बना दिया रजनीकांत और सलमान’, नितेश तिवारी की ‘रामायण’ पर भड़के मुकेश खन्ना
