October 2, 2026

Punjab Weather: पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू, जानें 8 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

0
Punjab Weather: पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू, जानें 8 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

पंजाब-चंडीगढ़ में मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू, जानें 8 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम

Punjab Weather: अमृतसर और जालंधर से लेकर पटियाला और चंडीगढ़ तक पूरे पंजाब में अब मानसूनी बादलों का दौर छंट चुका है। दिन के समय निकल रही तेज धूप की वजह से मौसम शुष्क हो गया है और दोपहर में हल्की गर्मी का अहसास होने लगा है। (Chandigarh Weather Update) हालांकि, हवाओं की दिशा में आए बदलाव और हवा में नमी का स्तर घटने की वजह से लोगों को उमस भरी चिपचिपाहट से बड़ी राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, आने वाले दिनों में फिलहाल प्रदेश में बारिश के कोई आसार नहीं हैं।

गुरदासपुर और चंडीगढ़ के ऊपर टिकी मानसून की वापसी रेखा

30 सितंबर को आधिकारिक तौर पर मानसून सीजन की मियाद पूरी हो चुकी है, लेकिन पंजाब से इसकी पूरी तरह से रुखसती में थोड़ा वक्त लग रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून की वापसी की रेखा फिलहाल गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। (IMD Chandigarh Forecast) आने वाले 48 घंटों के भीतर पंजाब के बाकी बचे इलाकों से भी मानसून की अंतिम रूप से वापसी के लिए स्थितियां बिल्कुल अनुकूल बनी हुई हैं।

दूसरी ओर, उत्तरी हरियाणा और उससे सटे क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोभ जरूर सक्रिय दिख रहा है, लेकिन इसका कोई खास प्रभाव पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम पर नहीं पड़ने वाला। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने साफ किया है कि 8 अक्टूबर तक पंजाब में किसी भी तरह की मौसमी चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

बठिंडा में सबसे ज्यादा तपिश, सामान्य के करीब पहुंचा पारा

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.7 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है, जिसके बाद अब पारा मौसम के सामान्य स्तर के करीब आ टिका है। सूबे में सबसे ज्यादा तापमान मालवा के बठिंडा जिले में दर्ज किया गया, जहां पारा 37.0 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। हालांकि, हवा में कम नमी होने के कारण दिन में धूप तीखी लग रही है, लेकिन पसीने वाली स्थिति से लोग बचे हुए हैं।

8 अक्टूबर तक कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

दिन के समय बनी रहेगी धूप की तपिश: उत्तरी और पूर्वी पंजाब के जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जाएगा। वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी पंजाब के मैदानी हिस्सों में दिन का पारा 34 से 36 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

सुबह और रात में बढ़ेगी गुलाबी ठंडक: दिन में धूप की वजह से गर्मी का अहसास होगा,(Punjab Monsoon Withdrawal)  लेकिन रात और तड़के के समय पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी। उत्तरी-पूर्वी पंजाब में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री और बाकी इलाकों में 18 से 20 डिग्री तक गिर सकता है, जो सामान्य से थोड़ा कम रहेगा।

शुष्क हवाएं दिलाएंगी उमस से मुक्ति: आने वाले हफ्ते में उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाएं चलने से हवा में नमी कम रहेगी, जिससे वातावरण साफ रहेगा और त्योहारों से पहले सुबह-शाम गुलाबी ठंड की शुरुआत हो जाएगी।

यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed