Karnal E-Bus News: हरियाणा में ई-बसों में करनाल बना नंबर वन, 5 से सीधे 50 पहुंची बसों की संख्या
हरियाणा में ई-बसों में करनाल बना नंबर वन, 5 से सीधे 50 पहुंची बसों की संख्या
Karnal E-Bus News: (मुनीश मुंडे) हरियाणा के मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र करनाल में अब सफर केवल सुलभ और किफायती ही नहीं, बल्कि अधिक आरामदायक और पूरी तरह प्रदूषण मुक्त होने जा रहा है। सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को आधुनिक रूप देने की कवायद के तहत करनाल रोडवेज डिपो के बेड़े में 45 नई अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों को शामिल किया गया है। अब तक महज 5 ई-बसों के भरोसे चल रहा शहर का बेड़ा सीधे 50 बसों के आंकड़े पर पहुंच गया है। इन सभी नई बसों के आने के बाद अब आरटीओ स्तर पर पासिंग और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नई खेप जुड़ने के साथ ही करनाल डिपो पूरे हरियाणा में सबसे ज्यादा ई-बसों का संचालन करने वाला नंबर-वन डिपो बन गया है। इससे पहले राज्य के 11 प्रमुख जिलों में कुल मिलाकर लगभग 145 इलेक्ट्रिक बसें चल रही थीं, जिनकी संख्या अब बढ़कर 205 तक पहुंच गई है। इन 205 बसों में से अकेले 50 बसें अब करनाल की सड़कों पर दौड़ती नजर आएंगी, जो शहर के पर्यावरण और ट्रैफिक दबाव दोनों के लिहाज से एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
गांवों से शहर तक बढ़ेगा ‘इलेक्ट्रिक नेटवर्क’, रोजाना सफर करने वालों को बड़ी राहत
करनाल डिपो में ई-बसों का कुनबा बढ़ने का सबसे बड़ा और सीधा फायदा ग्रामीण व कस्बाई इलाकों के यात्रियों को मिलने जा रहा है। अब तक ई-बसें मुख्य रूप से शहरी दायरे और बेहद सीमित रूटों तक सिमटी हुई थीं। लेकिन 45 नई बसें मिलने से परिवहन विभाग अब शहर को आसपास के प्रमुख कस्बों और बड़े गांवों से जोड़ने वाले रूटों पर सेवा विस्तार की तैयारी कर रहा है।
इस व्यवस्था से रोजाना पढ़ाई के लिए कॉलेजों और कोचिंग सेंटरों में आने वाले विद्यार्थियों, दफ्तरों में जाने वाले कर्मचारियों और व्यापार के सिलसिले में शहर आने वाले ग्रामीणों को समय पर बसें मिल सकेंगी। डीजल बसों के मुकाबले ये इलेक्ट्रिक बसें बिल्कुल शोर रहित होती हैं और इनमें धुएं का उत्सर्जन शून्य होता है। इसके अलावा यात्रियों को कम झटकों और वातानुकूलित (AC) आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा, जिससे निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी।
पासिंग पूरी होते ही तय होंगे नए रूट, रोडवेज जीएम बोले— ‘यात्रियों को मिलेगा आधुनिक अनुभव’
परिवहन विभाग की ओर से नए रूटों की मैपिंग और टाइम-टेबल तैयार करने पर मंथन जारी है, ताकि अधिक से अधिक यात्रियों को इस सुविधा की जद में लाया जा सके। रोडवेज प्रशासन का मुख्य फोकस उन मार्गों पर है, जहां यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है और बसों की उपलब्धता कम थी।
मामले की पुष्टि करते हुए करनाल रोडवेज डिपो के महाप्रबंधक (GM) कुलदीप सिंह ने बताया कि डिपो को 45 नई ई-बसें मिल चुकी हैं और उनका पासिंग प्रोसेस तेजी से निपटाया जा रहा है। जीएम कुलदीप सिंह ने कहा, “एक साथ 45 नई इलेक्ट्रिक बसों का बेड़े में शामिल होना करनाल के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रक्रिया पूरी होते ही नए रूट फाइनल कर इनका विधिवत संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे ईंधन की भारी बचत होगी, वायु प्रदूषण घटेगा और लोगों को बेहद सुगम व आधुनिक सफर की सुविधा मिलेगी।”
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून की विदाई, जानें 6 और 7 अक्टूबर को कहां होगी बारिश
