Haryana Weather Update: हरियाणा में अक्टूबर में भी गर्मी का प्रकोप, 3 दिन सूखा रहने के बाद इस दिन हो सकती है बारिश
हरियाणा में अक्टूबर में भी गर्मी का प्रकोप, 3 दिन सूखा रहने के बाद इस दिन हो सकती है बारिश
Haryana Weather Update: अक्टूबर का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन हरियाणा में गुलाबी ठंड की आहट की बजाय दोपहर की चुभती गर्मी लोगों का इम्तिहान ले रही है। आसमान साफ रहने और धूप तेज होने के कारण प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले तीन दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह ड्राई रहेगा। यानी फिलहाल तेज धूप और गर्मी का यह दौर यूं ही जारी रहने वाला है।
हिसार में सबसे ज्यादा तपन, जीटी रोड बेल्ट में भी उमस
शनिवार को प्रदेश के औसतन अधिकतम तापमान में आधा डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सूबे में सबसे ज्यादा पारा हिसार में रिकॉर्ड हुआ, जहां तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा दक्षिण हरियाणा और एनसीआर से सटे इलाकों में भी पारा 35 से 38 डिग्री के बीच बना रहा। फरीदाबाद में 37.6, पलवल में 37.7, रेवाड़ी और चरखी दादरी में 37.1 डिग्री पारा दर्ज किया गया। गुरुग्राम में 35.3 तो झज्जर में 36.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जिससे दोपहर के वक्त सड़कों पर आवाजाही कम देखने को मिली।
जानिए अपने शहर का हाल: कहां कितना दर्ज हुआ पारा
उत्तरी हरियाणा के जिलों की बात करें तो अंबाला में 34.1, चंडीगढ़ में 35.1 और करनाल में 34.2 डिग्री तापमान रहा। वहीं जीटी रोड से सटे कैथल में 32.8, कुरुक्षेत्र में 33.2 और पंचकूला में 32.3 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया। रोहतक में 34.5, फतेहाबाद में 34.4 और यमुनानगर में 34 डिग्री तापमान के साथ दिन में अच्छा-खासा असर देखने को मिला। हालांकि राहत की बात बस इतनी है कि सुबह और देर शाम हल्की हवा चलने से मौसम थोड़ा सुहावना महसूस हो रहा है।
6 और 9 अक्टूबर को बूंदाबांदी के आसार, बड़े अलर्ट से इंकार
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 5 अक्टूबर तक बारिश का कोई बड़ा योग नहीं है। इसके बाद वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के आंशिक असर से 6 अक्टूबर और फिर 9 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि यह कोई बड़ा मानसूनी सिस्टम नहीं है, इसलिए भारी बारिश की उम्मीद नहीं जताई गई है। अगले सात दिनों के दौरान मौसम विभाग ने आंधी या तूफान जैसी किसी भी गंभीर गतिविधि को लेकर चेतावनी जारी नहीं की है।
