October 5, 2026

राजस्थान से चंडीगढ़ जा रही थी बारात, रास्ते में हादसे ने छीनी 2 जिंदगियां; एक की 22 दिन पहले हुई थी शादी

0
राजस्थान से चंडीगढ़ जा रही थी बारात, रास्ते में हादसे ने छीनी 2 जिंदगियां; एक की 22 दिन पहले हुई थी शादी

डंपर में घुसी पिकअप, 2 की मौत

Rajasthan Road Accident: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बहरोड़ में दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे पर जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर एक पिकअप आगे चल रहे डंपर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ। पिकअप में एक ही परिवार के लोग सवार थे, जो कोटपूतली-बहरोड़ जिले के मुगलपुर गांव में होने वाली शादी में शामिल होने जा रहे थे। हादसे में फरियाद अली और समसुद्दीन की मौत हो गई, जबकि तस्लीमन और ड्राइवर मोहम्मद राशिद गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों के शव हादसे के बाद लहूलुहान हालत में क्षत-विक्षत मिले। हादसे की सूचना मिलते ही बहरोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए कोटपूतली जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और डंपर को हाईवे से हटवाकर पार्किंग में खड़ा करवाया, ताकि सड़क पर यातायात प्रभावित न हो।

 

 

शादी में शामिल होने जा रहा था पूरा परिवार, रास्ते में हादसा

बहरोड़ थाने के ASI कृष्ण कुमार के अनुसार पिकअप में उत्तर प्रदेश निवासी फरियाद अली (24), समसुद्दीन (40), तस्लीमन (45) पत्नी निसार और ड्राइवर मोहम्मद राशिद (40) सवार थे। ये लोग फिलहाल कोटपूतली इलाके में अस्थायी रूप से रहकर खेती-बाड़ी का काम करते हैं और शादी में शामिल होने के लिए मुगलपुर गांव जा रहे थे। परिवार का संबंध उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बीसलपुर से बताया गया है। करीब दो महीने पहले फरियाद का परिवार अपने गांव चला गया था। अब परिवार में शादी होने के कारण फरियाद अपने रिश्तेदारों के साथ वापस कोटपूतली आ रहा था। रास्ते में जेजे पैलेस के सामने फ्लाईओवर पर पिकअप आगे चल रहे डंपर से टकरा गई।

बताया गया है कि मुगलपुर गांव हादसे वाली जगह से करीब 25 किलोमीटर दूर था। परिवार के लोग शादी में शामिल होने के लिए घरेलू सामान और अन्य जरूरी चीजें लेकर आ रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे के बाद पिकअप में शादी के लिए लाए गए चावल भी सड़क पर बिखर गए। फरियाद और समसुद्दीन रिश्ते में साढ़ू बताए गए हैं। हादसे में दोनों की जान चली गई, जबकि पिकअप में मौजूद तस्लीमन और ड्राइवर मोहम्मद राशिद घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

 

 

साले की शादी में जा रहा था फरियाद, मंगलवार को चंडीगढ़ जानी थी बारात

फरियाद अली के साढ़ू इकरार खान ने बताया कि फरियाद अपने साले दिलशाद खान की शादी में शामिल होने जा रहा था। दिलशाद की शादी मंगलवार को होनी है और उसकी बारात चंडीगढ़ जानी थी। इसी शादी की तैयारियों के लिए परिवार के लोग कोटपूतली-बहरोड़ के मुगलपुर गांव में जुट रहे थे। दिलशाद का परिवार भी मुगलपुर गांव में खेती-बाड़ी का काम करता है। शादी के कार्यक्रम को लेकर रिश्तेदार अलग-अलग जगहों से गांव पहुंच रहे थे। फरियाद भी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ शादी में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन मंजिल तक पहुंचने से करीब 25 किलोमीटर पहले ही हादसा हो गया। सबसे दर्दनाक बात यह है कि फरियाद की खुद की शादी महज 22 दिन पहले हुई थी। 13 सितंबर 2026 को उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद परिवार में अभी खुशियों का माहौल पूरी तरह खत्म भी नहीं हुआ था कि सोमवार सुबह हुए हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

फरियाद की पत्नी अपने भाई दिलशाद की शादी में शामिल होने के लिए पहले ही मुगलपुर पहुंच चुकी थी। फरियाद अपने रिश्तेदारों के साथ पिकअप में घरेलू सामान लेकर शादी में शामिल होने के लिए आ रहा था। परिवार को क्या पता था कि जिस शादी में शामिल होने के लिए वह सफर पर निकला है, उसी रास्ते में उसकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। फरियाद की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। कोटपूतली जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में पहुंची फरियाद की सास ने रोते हुए कहा कि अभी उनकी बेटी के हाथों की मेहंदी भी नहीं छूटी थी और परिवार पर यह कहर टूट पड़ा। शादी के 22 दिन बाद ही बेटी के पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। हादसे के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल शुरुआती जानकारी में पिकअप के आगे चल रहे डंपर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस ने दोनों वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed