Alsi ke Laddu Recipe: कड़ाके की ठंड की आहट के साथ ही खानपान में बदलाव होना लाजमी है। इस मौसम में शरीर को अंदर से मजबूत बनाए रखने, कड़ाके की सर्दी से लड़ने और तमाम मौसमी बीमारियों से कोसों दूर रहने के लिए दादी-नानियों के नुस्खे आज भी सबसे असरदार साबित होते हैं। इन्हीं पारंपरिक और सेहतमंद व्यंजनों में सिरमौर हैं— अलसी के लड्डू। अपनी तासीर में गर्म होने के कारण ये लड्डू शरीर के तापमान को संतुलित रखते हैं और सर्दियों में अक्सर परेशान करने वाले जोड़ों तथा कमर के दर्द में चमत्कारी राहत देते हैं।
बाजार में बेहद किफायती दरों पर मिलने वाली अलसी (Flax Seeds) गुणों का ऐसा खजाना है, जो न केवल शरीर को ऊर्जा देती है, बल्कि पाचन तंत्र को सुधारने और त्वचा व बालों को स्वस्थ रखने में भी अहम भूमिका निभाती है। आइए जानते हैं सर्दियों के इस सुपरफूड को घर पर तैयार करने की बेहद आसान विधि।
ऐसे करें मुख्य सामग्री की तैयारी और भुनाई
अलसी के लड्डू बनाने के लिए सबसे पहले पंसारी या बाजार से करीब 250 से 300 ग्राम साफ अलसी ले आएं। बाजार में यह आसानी से 90 से 100 रुपये प्रति किलो के आसपास मिल जाती है। अब एक भारी तले के फ्राई पैन में इस अलसी को मध्यम-धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए रोस्ट करें।
धीमी आंच पर भुनते-भुनते जब अलसी चटकने लगे और एक सोंधी सी खुशबू आने लगे, तो समझ लीजिए कि यह तैयार है। अमूमन 7 से 8 मिनट में यह अच्छे से भुन जाती है। गैस बंद करने के बाद भी इसे 3-4 मिनट तक पैन में ही रहने दें और फिर एक कटोरी में निकाल लें। इसके बाद उसी पैन में 50 ग्राम ओट्स डालकर हल्का भून लें। ओट्स मिलाने से लड्डू भारी नहीं लगते और वे आसानी से पच जाते हैं।
मेवों और मसालों का सही मेल बनाएगा लड्डुओं को दमदार
अब दो बड़े चम्मच शुद्ध घी लें और उसमें 40 ग्राम बादाम, 15 ग्राम अखरोट और 30 ग्राम काजू को हल्का सा सेक कर अलग बर्तन में रख लें। कड़ाही में बचे हुए घी में ही 20 ग्राम मखाने और इतने ही नारियल के बुरादे को भी तब तक भून लें जब तक बुरादे का रंग हल्का सुनहरा न हो जाए।
अब मिक्सी की मदद से भुनी हुई अलसी को बारीक पीस लें और रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट्स को हल्का दरदरा (क्रंच बरकरार रखते हुए) पीस लें। इन सभी सामग्री को एक बड़ी परात में मिला लें। इसकी पौष्टिकता और स्वाद को और बढ़ाने के लिए इसमें आधा-आधा चम्मच सूखी अदरक का पाउडर (सोंठ), इलायची पाउडर, काली मिर्च पाउडर और दालचीनी पाउडर मिलाएं। दालचीनी और सोंठ बदलते मौसम में होने वाले कफ, गले की खराश और सर्दी-जुकाम से बचाने में रामवाण का काम करती हैं।
गुड़ और घी की मिठास के साथ ऐसे बांधें लड्डू
मिश्रण में नेचुरल मिठास लाने के लिए करीब 200 ग्राम गुड़ का पाउडर (जैगरी पाउडर) अपनी पसंद के अनुसार मिला लें। अब अंत में आधा कप शुद्ध घी को पैन में अच्छी तरह गर्म करें और इस तैयार मिश्रण में ऊपर से डाल दें।
कच्ची या ठंडी चीजों को मिलाने के बजाय जब घी हल्का गर्म हो, तभी उसे मिश्रण में अच्छे से मिला लें। अब जब यह मिश्रण हाथ से छूने लायक गुनगुना हो, तो इसके छोटे-छोटे गोल लड्डू बांध लें। बस, सर्दियों के लिए तैयार हैं सेहत और स्वाद से भरपूर अलसी के ये पौष्टिक लड्डू। इन्हें एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करके पूरे जाड़े भर सुबह के नाश्ते में खाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें– सिलबट्टे पर बनी इस चटपटी चटनी का स्वाद है लाजवाब, जानें इसे बनाने का सबसे आसान तरीका

