Healthy recipes: रोजाना के वही दाल-चावल और रोटी-सब्जी खाकर अगर आपका मन ऊब चुका है और आप वीकेंड पर कुछ रेस्टोरेंट स्टाइल शाही ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी आपके लिए ही है। देश के जाने-माने सेलिब्रिटी शेफ संजीव कपूर ने मशहूर इटालियन डिश ‘रिसोट्टो’ को भारतीय अंदाज में पेश किया है। गाजर की कुदरती मिठास और केसर की भीनी-भीनी खुशबू से सजी यह ‘कैरेट एंड सैफरॉन रिसोट्टो’ खाने में जितनी लाजवाब है, दिखने में उतनी ही आकर्षक लगती है। खास बात यह है कि यह सेहत और स्वाद का एक ऐसा मेल है, जिसे आप घर पर बिना किसी झंझट के आसानी से बना सकते हैं।
जरूरी सामग्री की लिस्ट
इस शाही डिश को तैयार करने के लिए मुख्य रूप से 1 कप आर्बोरियो राइस, आधा कप उबली हुई गाजर की प्यूरी और एक चुटकी केसर के धागों की जरूरत होती है। तड़के और पकाने के लिए 1 बड़ा चम्मच ऑलिव ऑयल, 4 बड़े चम्मच बटर, 1 बारीक कटा मध्यम प्याज और 1 बड़ा चम्मच कटा लहसुन लें। फ्लेवर के लिए 3 कप वेजिटेबल स्टॉक (सब्जियों का उबला पानी), स्वादानुसार नमक, काली मिर्च पाउडर और 3 डंठल ताजा थाइम रखें। वहीं डिश को एकदम क्रीमी और रिच बनाने के लिए 30 ग्राम परमेसन चीज और डेढ़ बड़ा चम्मच फ्रेश क्रीम चाहिए।
कदम-दर-कदम पकाने की आसान विधि
इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक गहरे पैन में ऑलिव ऑयल और 2 चम्मच मक्खन गर्म करें। इसमें आर्बोरियो चावल डालकर मध्यम आंच पर 2-3 मिनट तक भूनें। इसके बाद पैन में बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर तब तक धीमी आंच पर चलाएं जब तक प्याज हल्का पारदर्शी न हो जाए। अब इसमें 1 कप वेजिटेबल स्टॉक डालें और चावल को पानी सोखने दें। इसके बाद बचा हुआ 2 कप स्टॉक और केसर के धागे मिलाकर 6 से 8 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, जिससे केसर का रंग और खुशबू चावल में रच-बस जाए।
क्रीमी टेक्सचर और परोसने का तरीका
जब चावल पकने के करीब आ जाएं, तो इसमें गाजर की प्यूरी, नमक, काली मिर्च और थाइम की पत्तियां मिलाकर 1 मिनट तक पकाएं। इसके बाद कद्दूकस किया परमेसन चीज, बचा हुआ 2 चम्मच बटर और फ्रेश क्रीम डालकर अच्छी तरह मिक्स करें, जिससे रिसोट्टो को एकदम गाढ़ा और क्रीमी टेक्सचर मिल जाए। तैयार रिसोट्टो को सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से उबली गाजर के स्लाइस, कद्दूकस चीज और माइक्रोग्रीन्स या हरे धनिये से सजाकर गरमा-गरम परोसें।
यह भी देखें – बच्चों की सेहत के लिए बेस्ट है ‘मोरिंगा बर्गर’, जानें घर पर बनाने की आसान रेसिपी

