Ambala Chandigarh Highway Accident: अंबाला और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस वक्त चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्राले ने सड़क पर चल रही चार गाड़ियों को एक झटके में अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी और चारों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर बिखर गईं। गनीमत यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी की जान नहीं गई, वरना एक बड़ा मानवीय संकट खड़ा हो सकता था।
घटना के तुरंत बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित कार चालकों ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि ट्राला का ड्राइवर पूरी तरह नशे की हालत में था। उनका कहना था कि चालक भारी वाहन पर अपना नियंत्रण खो बैठा था और उससे समय पर ब्रेक नहीं लगी, जिसके चलते उसने एक के बाद एक आगे चल रही गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। बाल-बाल बचे एक कार चालक ने बताया कि हादसा इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौत उनकी आंखों के सामने से गुजर गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायल चालक अस्पताल में भर्ती
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और दल-बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले हाईवे पर लगे भारी ट्रैफिक जाम को खुलवाने का काम किया और क्रेन की मदद से बुरी तरह पिचक चुकी चारों कारों को सड़क के बीच से हटवाकर किनारे करवाया, ताकि यातायात को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
इस सड़क हादसे में ट्राला चालक को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसे पुलिस ने तुरंत अपनी निगरानी में उपचार के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल (सिविल अस्पताल) में भर्ती करवाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। चालक के मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही नशे की पुष्टि हो सकेगी, जिसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– अंबाला में अवैध पीजी और बिना वेरिफिकेशन किराएदार रखने वालों की खैर नहीं

