Narnaul News: हरियाणा सरकार युवाओं की कला और प्रतिभा को मंच देने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में जिला युवा महोत्सव-2026 का आयोजन 19 और 20 नवंबर को करवाएगी।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा (युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता विभाग) की ओर से आयोजित होने वाले इस महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा हिस्सा ले सकेंगे। आयोजन स्थल जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित कमेटी की बैठक में तय किया जाएगा। यह जानकारी राजकीय आईटीआई नारनौल के प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में सभी प्रतियोगिताओं की थीम ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ रखी गई है। जिला स्तर पर हर विधा में पहला स्थान पाने वाले विजेता राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग लेंगे, जहां से चयनित प्रतिभागी आगे राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेंगे।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में किया जाएगा। प्रिंसिपल खनगवाल ने बताया कि जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं पांच विधाओं में होंगी, जबकि लोक वाद्य यंत्र समूह की प्रतियोगिता सीधे राज्य स्तर पर करवाई जाएगी।
इन विधाओं में होगा मुकाबला
समूह लोक नृत्य: इसमें अधिकतम दस सदस्यों की टीम भाग ले सकेगी, जिसमें सात कलाकार और तीन संगत कलाकार होंगे। संगत कलाकारों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष तय की गई है। नृत्य भारतीय लोक शैली का होना चाहिए और इसकी अवधि 5 से 8 मिनट रहेगी। मंच सजाने के लिए पांच मिनट अलग से मिलेंगे। निर्णय में प्रामाणिकता, तालमेल, वेशभूषा, ऊर्जा और दर्शकों पर प्रभाव के 20-20 अंक होंगे।
समूह लोक गीत– यह भी सात कलाकारों और तीन संगत कलाकारों की टीम के लिए है। गीत किसी भी क्षेत्रीय भाषा में हो सकता है, लेकिन फिल्मी गीत और मेडले की अनुमति नहीं होगी। प्रस्तुति का समय 5 से 8 मिनट रहेगा। इसमें स्वर गुणवत्ता व सामंजस्य के सर्वाधिक 30 अंक होंगे, प्रमाणिकता के 25, समूह तालमेल के 20, संगीतात्मकता के 15 और समग्र प्रभाव के 10 अंक रहेंगे।
नुक्कड़ नाटक- अधिकतम दस सदस्यों की टीम को अधिकतम सात मिनट का समय मिलेगा। नाटक हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में मौलिक होना चाहिए और उसमें किसी जाति, धर्म या वर्ग को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री नहीं होनी चाहिए। विषय की प्रासंगिकता, संदेश, अभिनय, मौलिकता और समग्र प्रस्तुति के 20-20 अंक निर्धारित हैं।
पेंटिंग- यह व्यक्तिगत प्रतियोगिता है, जिसमें पेंसिल कलर, एक्रेलिक, वाटर कलर या क्रेयॉन से अधिकतम छह घंटे में ए-3 आकार (11.7 गुणा 16.5 इंच) की पेंटिंग बनानी होगी। प्रतिभागी को पेंटिंग का 20 से 30 शब्दों में शीर्षक भी लिखना होगा। थीम के पालन और रंग संयोजन के 25-25 अंक, मौलिकता के 25, कलात्मक संरचना के 15 तथा समग्र डिजाइन के 10 अंक होंगे।
कविता लेखन- इस व्यक्तिगत विधा में 90 मिनट का समय मिलेगा। रचना हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में मौलिक होनी चाहिए। थीम के पालन, मौलिकता, रूप-संरचना की संगति तथा बिंब, तथ्य व भाषा की स्पष्टता के 25-25 अंक रहेंगे।
लोक वाद्य यंत्र समूह (राज्य स्तर तक)-
इसमें अधिकतम सात सदस्यों की टीम भाग लेगी और प्रस्तुति का समय सात मिनट होगा। ढोल, नगाड़ा, बीन, अलगोजा, सारंगी, इकतारा, ढोलक, खड़ताल, मंजीरा, बैंजो, घड़िया, तुबा और बांसुरी जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्र ही मान्य होंगे। प्रतिभागियों को अपने यंत्र खुद लाने होंगे, जबकि इलेक्ट्रॉनिक यंत्र, पहले से रिकॉर्ड किया संगीत या पृष्ठभूमि संगीत की अनुमति नहीं होगी।
प्रिंसिपल विनोद खनगवाल ने बताया कि जिला स्तर पर सभी विधाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर केवल एक-एक विजेता प्रतिभागी या विजेता समूह का चयन किया जाएगा। प्रथम स्थान पर प्रति प्रतिभागी 4,100 रुपये, द्वितीय पर 3,100 रुपये और तृतीय पर 2,100 रुपये का नकद इनाम मिलेगा।
समूह प्रतियोगिताओं में यही राशि प्रति प्रतिभागी के हिसाब से दी जाएगी, लेकिन समूह के लिए अधिकतम राशि प्रथम स्थान पर 41,000 रुपये, द्वितीय पर 31,000 रुपये और तृतीय पर 21,000 रुपये रहेगी, जो भी कम हो।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण मेरा युवा भारत पोर्टल पर अनिवार्य है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर 2026 है। प्रतिभागी की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी चाहिए। एक प्रतिभागी केवल एक ही प्रतियोगिता श्रेणी में भाग ले सकेगा।
पिछले वर्ष सांस्कृतिक ट्रैक में भाग ले चुके प्रतिभागी इस बार पात्र नहीं होंगे। पंजीकरण फॉर्म के साथ आयु प्रमाण, आधार कार्ड, पीपीपी आईडी और बैंक विवरण की प्रति लगानी होगी। अधिक जानकारी के लिए युवा अपने नजदीकी राजकीय आईटीआई में संपर्क कर सकते हैं।

