Ambala Police Illegal PG Action: छावनी और शहर समेत पूरे अंबाला जिले में बिना कानूनी औपचारिकताओं के चल रहे पीजी (PG) संचालकों और मकान मालिकों की अब मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। दूसरे राज्यों से आकर यहां रहने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अंबाला पुलिस ने कमर कस ली है। प्रशासन के सामने ऐसे कई मामले लगातार सामने आ रहे थे, जहां नियमों को ताक पर रखकर धड़ल्ले से अवैध पीजी चलाए जा रहे हैं और किराएदारों का पुलिस सत्यापन (Police Verification) तक नहीं कराया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को समझते हुए एसपी अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने बेहद सख्त रुख अख्तियार किया है। उन्होंने साफ शब्दों में चेताया है कि कानून की अवहेलना करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द ही पूरे जिले में एक व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान शुरू करने जा रही है, जिसके तहत घर-घर और गली-मोहल्लों में चल रहे पीजी व किराए के मकानों की बारीकी से जांच की जाएगी।
सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक है बिना वेरिफिकेशन के किराएदार रखना
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों का रिकॉर्ड थाने में दर्ज न होना आंतरिक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। कई बार आपराधिक किस्म के लोग अपनी पहचान छिपाकर किराए पर रहने लगते हैं और पुलिस को भनक तक नहीं लगती। इसी सुराख को बंद करने के लिए अंबाला पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है।
जांच के दौरान यदि कोई पीजी संचालक बिना अनुमति या नियमों के विपरीत संचालित होता पाया गया, या किसी मकान मालिक ने बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किराएदार रखे मिले, तो उनके खिलाफ तुरंत आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
एसपी की दो टूक अपील—जिम्मेदारी समझें मकान मालिक
प्रशासन की ओर से केवल डंडे चलाने की बात नहीं है, बल्कि नागरिकों को जागरूक भी किया जा रहा है। एसपी अजीत सिंह शेखावत ने अंबाला के तमाम मकान मालिकों और पीजी संचालकों से गंभीर अपील की है कि वे अपनी सामाजिक और कानूनी जिम्मेदारी को समझें।
उन्होंने कहा कि अपने मकान या कमरों में किसी भी नए व्यक्ति को शरण देने से पहले उसकी पूरी आईडी और आवश्यक विवरण नजदीकी पुलिस स्टेशन या चौकी में जरूर जमा करवाएं। किराएदारों का रिकॉर्ड थाने में उपलब्ध रहने से न सिर्फ आपराधिक वारंशों पर समय रहते अंकुश लगेगा, बल्कि शहर में कानून-व्यवस्था भी मजबूत बनी रहेगी। पुलिस के इस आगामी अभियान से शहर के लापरवाह मकान मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें– अंबाला छावनी में ‘रन फॉर यूनिटी’ की धूम, DC सचिन गुप्ता ने दिखाई हरी झंडी

