Anil Vij Ambala Seva Sankalp: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज शनिवार को अंबाला छावनी के रंगिया मंडी स्थित अंबेडकर धर्मशाला पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत एक भव्य निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया था। जैसे ही कैबिनेट मंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप और फूल-मालाओं के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। विज ने रिबन काटकर शिविर का शुभारंभ किया और वहां मौजूद चिकित्सकों की टीम से सुविधाओं का जायजा लिया।
नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों को समर्पित है अभियान
उपस्थित जनसमूह और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पूरा जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहा है। सरकार और संगठन में रहते हुए उनके सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना ही इस तरह के शिविरों का असल मकसद है।डॉक्टरों की टीम ने की जांच, प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
शिविर के दौरान नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. पूजा पेंटल की देखरेख में विशेषज्ञों की टीम ने सैकड़ों मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें जरूरी दवाइयां वितरित कीं। इस मौके पर स्थानीय पार्षद प्रमोद कुमार लक्की, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी दर्ज की गई। अनिल विज ने कहा कि अंबाला में आम जन की सहूलियत के लिए जनसेवा के ऐसे प्रकल्प लगातार चलाए जाते रहेंगे।
यह भी पढ़ें– दशहरा-दिवाली पर आगजनी से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड अलर्ट, कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द

