Karnal Illegal Firecrackers: आगामी त्योहार सीजन को देखते हुए करनाल पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का स्टॉक करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में असंध थाना पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए बिना लाइसेंस के रखे गए पटाखों के बड़े जखीरे को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 500 डिब्बी अवैध बम-पटाखे बरामद किए हैं।
7 पेटी और एक कट्टे में भरकर रखा था विस्फोटक material
असंध थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मुख्य सिपाही सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि वार्ड नंबर-15 निवासी शुभम (पुत्र मुकेश) ने अपने ठिकाने पर भारी मात्रा में अवैध आतिशबाजी का भंडारण कर रखा है।
सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम ने तुरंत बताए गए स्थान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 7 गत्ता पेटियां और एक बड़ा कट्टा बरामद हुआ, जो विभिन्न प्रकार के बम-पटाखों से भरे हुए थे। गिनती करने पर कुल 500 डिब्बियां अवैध आतिशबाजी बरामद की गई।
बिना लाइसेंस के चल रहा था काली कमाई का खेल
पुलिस द्वारा पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी शुभम पटाखों के इस जखीरे के संबंध में कोई भी वैध लाइसेंस या मंजूरी पत्र पेश नहीं कर सका। रिहायशी इलाके में इस तरह से भारी मात्रा में विस्फोटक रखना किसी बड़े हादसे को दावत दे सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए असंध थाना पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम (Explosive Act) की धारा 9बी के तहत आपराधिक केस दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी करन गोयल का कड़ा संदेश- ‘नियम तोड़े तो होगी सीधी जेल’
करनाल के पुलिस अधीक्षक (SP) करन गोयल के निर्देशों पर जिले भर में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थों और पटाखों के भंडारण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों से स्पष्ट अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करें। बिना वैध लाइसेंस या निर्धारित सीमा से अधिक पटाखों का भंडारण न करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।
यह भी पढ़ें–Bhiwani News: भीम स्टेडियम से भिवानी को बड़ी सौगात, सीएम सैनी ने किया 8 नई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास

